• IND vs NED T20: नीदरलैंड को 17 रनों से हराया, T20 वर्ल्ड कप में भारत की लगातार चौथी जीत

    IND vs NED T20: अहमदाबाद में शिवम दुबे के ऑल-राउंड प्रदर्शन के दम पर भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हरा दिया.

    अहमदाबाद, 18 फरवरी 2026। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शिवम दुबे के ऑल-राउंड प्रदर्शन के दम पर भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हरा दिया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए. इसके जवाब में नीदरलैंड्स 176 पर ढेर हो गई. भारत की जीत के हीरो शिवम दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. दुबे ने पहले 31 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली. इसके बाद उन्होंने 3 ओवर में 35 रन देते हुए 2 विकेट झटके. 

    भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के 36वें मुकाबले में नीदरलैंड्स को 17 रनों से हरा दिया. भारतीय टीम पहले ही सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुका है. जबकि नीदरलैंड्स बाहर हो चुकी थी. ऐसे में यह मुकाबला बस औपचारिकता भर था. आईसीसी टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार 17वीं जीत है.

    2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से भारत आईसीसी टूर्नामेंट में कोई भी मैच नहीं हारा है. भारत पहले टी20 वर्ल्ड कप में अजेय रहते हुए खिताब अपने नाम करने में सफल रहा था. फिर टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपना दबदबा दिखाया और अब जारी टी20 वर्ल्ड कप में उसने ग्रुप स्टेज के सभी चारों मैच जीत लिए हैं. इस मैच में वरुण चक्रवर्ती ने 3 ओवर फेंके और 14 रन देते हुए 3 विकेट झटके. वरुण बीते 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय में मैच में सभी में कम से कम एक विकेट लेने में सफल हुए हैं. 

    भारत ने लगाया जीत का चौका

    शिवम दुबे के तूफानी अर्धशतक के बाद वरुण चक्रवर्ती के फिरकी के जादू से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में बुधवार को नीदरलैंड को 17 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की. भारत चार मैच में आठ अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा जबकि नीदरलैंड ने अपने अभियान का अंत चार मैच में एक जीत से दो अंक के साथ किया.

    भारत के 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और शिवम दुबे (35 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदों के सामने सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी. नीदरलैंड की ओर से बास डि लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए. नोह क्रोस (12 गेंद में नाबाद 25 रन) तथा जैक लियोन कैशे (16 गेंद में 26 रन) ने सातवें विकेट के लिए 23 गेंद में 47 रन की साझेदारी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए.

    दुबे ने इससे पहले अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 31 गेंद में छह छक्कों और चार चौकों से 66 रन की पारी खेलने के अलावा हार्दिक पंड्या (21 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने छह विकेट पर 193 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव (34) और तिलक वर्मा (31) ने भी उपयोगी पारियां खेली.

    दुबे और पंड्या 14वें ओवर में उस समय साथ आए जब भारत 110 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में था. इन दोनों की पारियों से भारत अंतिम पांच ओवर में 75 रन जोड़ने में सफल रहा. नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाज लोगान वान बीक सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट चटकाए. ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए. भारतीय टीम अपना अगला मैच इसी मैदान पर सुपर आठ चरण में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी.

    India Score: 193 runs

    Nedarland Score: 176 runs.