• पीएनबी  में 6.50 करोड़ के गोल्ड घोटाले, आरोपी बैंक प्रबंधक ने खरीदी करोड़ों की जमीन, लगाया डेयरी प्लांट

    राजस्थान के  झुंझुनू जिले में नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच में बड़े गोल्ड घोटाले का मामला सामने आया है. इस घपले के मुख्य आरोपी बैंक प्रबंधक ने घपले की रकम से करोड़ों की जमीन खरीदी और डेयरी प्लांट लगाया. समाचार संपादक  देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    झुंझुनू / नवलगढ़, 6 फरवरी 2026. यहां नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित पीएनबी की ब्रांच में  बड़ा गोल्ड घोटाला होने का मामला सामने आया है. हालांकि, अब तो घपले के आरोपियों की करतूतों से भी पर्दा उठने लगा है. आरोपी बैंक प्रबंधक ने  बैंक के ही  दो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 6.50 करोड़ कीमत के 4 किलो से ज्यादा गोल्ड के गहने इधर से उधर कर दिए. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी बैंक प्रबंधक ने जमीनों का सौदा कर डाला और एक डेयरी प्लांट लगा लिया.

    खबर है कि  पीएनबी के इस शाखा में गोल्ड घपला सामने आने के बाद उक्त बैंक से लोन लेने वाले लोग सदमे में हैं, जिन्होंने गोल्ड लोन के एवज में अपने जेवर बैंक में जमा कर आए थे. पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दिए हैं. पुलिस जांच के मुताबिक, ग्राहकों को दिए गए गोल्ड लोन के बदले स्ट्रांग रूम की गोल्ड सेफ में गोल्ड के जेवरों के सैकड़ों पैकेट रखे हुए दिखे. इनमें से 73 पैकेटों में रखे असली गोल्ड के आभूषण को निकाल कर  उनकी जगह नकली जेवर रख दिए गए, जबकि तीन पैकेटों में रखे जेवरों का वजन कम पाया गया. ऐसा पुलिस का कहना है.

    इस बीच नवलगढ़ पंजाब नेशनल बैंक के नानसा गेट की ब्रांच की प्रारंभिक जांच में कुल 4198 ग्राम गोल्ड के जेवर कम मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अब तक  गायब हुए गोल्ड की वास्तविक मंत्र का खुलासा नहीं किया है.

    चार्ज देते वक्त मिली गड़बड़ी 

    दो चाबियों से खुलने वाली सोने सेफ की जिम्मेदारी तब के सीनियर ब्रांच मैनेजर अमित कुमार और उप प्रबंधक अनंत प्रकाश चौधरी के पास थी. 10 दिन पहले यानी 28 जनवरी को जब सोने सेफ का चार्ज उप प्रबंधक सीमा महला को दिया जा रहा था, तब सेफ की जांच की गई और इस दौरान गोल्ड पैकेटों में छेड़छाड़ का खुलासा हुआ.

    बैंक प्रबंधक ने  खरीदी करोड़ की जमीन और लगाया डेयरी प्लांट 

    प्रदत्त जानकारी के मुताबिक, उस वक्त के बैंक प्रबंधक अमित कुमार जांगिड़ पिछले कुछ वर्षों में  करोड़ों रुपए की जमीन खरीद ली और उस जमीन पर एक डेयरी प्लांट भी लगा लिया है. खबर है कि उसने अलग-अलग जगहों में भी जमीनें खरीदी हैं. जानकारी के मुताबिक, आरोपी बैंक प्रबंधक अमित कुमार जांगिड़ का परिवार सीथल गूढागौड़जी झुंझुनू में ही रहता है और वहीं अमित कुमार की पत्नी एक बेटी, माता-पिता एवं छोटा भाई भी रहते हैं.

    लोन लेनदेन में भी घपला 

    पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बैंक प्रबंधक अमित कुमार जांगिड़ ने कई लोगों को फर्जी लोन भी दिया एवं कुछ ऐसे नाम भी सामने आए हैं, जिनको कागजों में लोन देना बताया गया है. लेकिन असलियत में उस नाम के व्यक्ति मौजूद ही नहीं है. इस तरह से कितनी राशि का गबन किया गया है, इसका खुलासा तो जांच के बाद ही होगा. लेकिन सरकारी योजनाओं के नाम पर भी फर्जी करके लोन देने की बात तो जरूर सामने आई है. ऐसे में पीएनबी बैंक में हुए घपले की राशि में  बड़ा इजाफा होने की आशंका है.