अब व्हीआईपी चौक से एयरपोर्ट पहुँचना होगा आसान, फुंडहर चौक पर बनेगा ओवर ब्रिज
रायपुर, 17 मार्च 2026। फ्लाइट पकड़ने की आपाधापी में यदि सड़क पर जाम मिल जाए तो फ्लाइट ना छूट जाए इसका डर सताने लगता है। कई बार जाम के कारण फ्लाइट छूट भी जाती है। राजधानी के अनुरूप शहर के विकास करने के क्रम में सरकार ने सोमवार को बड़ी पहल की है। लोक निर्माण विभाग ने एयरपोर्ट रोड स्थित फुंडहर चौक पर 3 लेन ओवरब्रिज की स्वीकृति दी है। यह ओवर ब्रिज 56 करोड़ की लागत से बनेगा। व्हीआईपी चौक से एयरपोर्ट जाते समय पर फुंडहर चौक से 500 मीटर पहले और 500 मीटर आगे यह ब्रिज बनेगा। यदि किनारे के हिस्से में भूअर्जन की स्थिति बनती है तो इसमें सरकार ने मुआवजे की राशि का भी प्रावधान रखा है। सरकार ने सख्त हिदायत दी है कि केवल आवश्यक जमीन का ही अधिग्रहण किया जाए और वह भी स्वीकृत राशि के सीमा के अंदर ही।
वहीं रायपुर संभाग (ब्रिज) के कार्यपालन अभियंता एसके गुप्ता का कहना है कि तकनीकी स्वीकृति मिलने के एक माह के भीतर ही टेंडर लगा देंगे। दरअसल फुंडहर चौक पर शाम को जाम की स्थिति रहती है। फुंडहर गांव एयरपोर्ट रोड के दोनों ओर बसा हुआ है। गांव वाले दोनों तरफ आना जाना करते हैं। वहीं एयरपोर्ट रोड होने के कारण फर्राटे से गाड़ियां भी चलती हैं। वहीं शाम को मंत्रालय और नया रायपुर से छूटने वाली गाड़ियों के कारण भी जाम के हालात बन जाते हैं। फुंडहर चौक से एक्सप्रेस वे तक जाम लग जाता है। पीडब्ल्यूडी के सूत्रों का कहना है कि एक्सप्रेसवे के इस चौक पर भी ब्रिज बनाने का प्रस्ताव है जिससे क्रॉस होकर रोड सब्जी मंडी डूमरतराई जाती है।
बहरहाल फुंहहर चौक पर ओवरब्रिज बनने से शहर से एयरपोर्ट जाने वाले और एयरपोर्ट से शहर आने वाले लोग ब्रिज के ऊपर से जाएंगे। वहीं गांव वाले बीच के अंदर से एक हिस्से दूसरे हिस्से जा सकेंगे। उधर मंत्रालय और नया रायपुर जाने वाली गाड़ियों को भी जाम से राहत मिलेगी। एक्सप्रेसवे चौक से फुंडहर चौक स्थित प्रस्तावित ब्रिज के अंदर से आगे निकलकर गाड़ियां एयरपोर्ट रोड पर मुख्य मार्ग में आ जाएंगी। एयरपोर्ट रोड होने के कारण इस रूट पर गाड़ियां स्पीड से चलती है। अतः फुंडहर चौक में आए दिन हादसे होते रहते हैं। अतः ब्रिज बन जाने से इससे निजात मिलेगी।