अंधविश्वास या साजिश? ट्रिपल मर्डर की गुत्थी तांत्रिक क्रियाओं में उलझी, एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों से पूछताछ
तहकीकात में सामने आया है कि घटना से पहले टाटा टियागो कार में मौजूद चौथा व्यक्ति एक तांत्रिक था. दिल्ली पुलिस ने दबिश देकर करीब एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों और उनसे जुड़े लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-
नई दिल्ली, 13 फरवरी 2026. दिल्ली के बाहरी इलाकों के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर टाटा टियागो कार में मिले तीन शवों के रहस्यमयी मामले की गुत्थी अब तांत्रिक क्रियाओं में उलझ कर रह गई है. तहकीकात में सामने आया है कि घटना से पहले कार में चौथा व्यक्ति एक तांत्रिक था. दिल्ली पुलिस ने एनसीआर और दिल्ली के विभिन्न जगहों पर दबिश देकर एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों और उनसे जुड़े लोगों से हिरासत में पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार में मृत मिली महिला नर्सिंग सहायक का काम करती थी और वह खुद तंत्र क्रियाओं में लिप्त रही है. साथ ही वो कई तांत्रिकों के संपर्क में थी. ऐसे में कार से मिले तीन शवों का मामला सिर्फ सुसाइड नहीं, बल्कि अंधविश्वास और साजिश भी हो सकता है. दिल्ली पुलिस इन सभी एंगल पर तहकीकात कर रही है.
बीते रविवार को पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी कार से रणधीर सिंह( 76), शिव नरेश (40) और लक्ष्मी के शव मिलने से शुरुआती जांच में लूट या संघर्ष के कोई संकेत नहीं मिले हैं. जबकि कार में रखे मोबाइल फोन और महिला के आभूषण सुरक्षित पाए गए, जिससे पुलिस ने लूट की वारदात को सिरे से खारिज किया है. दरअसल, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी हकीकत के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि मौत के पहले कार में तीन नहीं, बल्कि चार लोग मौजूद थे.
पुलिस के मुताबिक, जब घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई, तो एक फुटेज में कार के भीतर चौथा व्यक्ति भी नजर आया. इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर ) और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों मृतक पहले लोनी में एक तांत्रिक के घर पहुंचे थे. वहां से तांत्रिक को साथ लेकर सभी लोग टाटा टियागो कार में सवार होकर पीरागढ़ी फ्लाइओवर की तरफ चल पड़े. पुलिस का कहना है कि पीरागढ पहुंचने के बाद कुछ इस प्रकार हुआ, इसके बाद तांत्रिक कार से बाहर निकल आया और मौके से भाग गया.
पुलिस अब महिला की कुंडली कंगाल रही है
घटना में मृत मिली महिला भी पुलिस के लिए पहेली बन चुकी है. पुलिस का कहना है कि महिला एक तांत्रिक के जरिए शिव नरेश के संपर्क में आई और बाद में रणधीर भी जुड़ गए. महिला मूल तौरपर बिहार की रहने वाली है और वह दिल्ली में जहांगीरपुरी में रह रही हैं. बताया जा रहा है कि उसने दो शादियां की है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मृत महिला ही तांत्रिकों से शिव नरेश और रणधीर का संपर्क कराने में अहम भूमिका निभाई.
पुलिस को शक है कि तांत्रिक लंबे समय से तीनों मृतकों को तंत्र - मंत्र और विशेष पूजा के जरिए अमीर बनने का भरोसा दिलाता रहा. फिलहाल पुलिस यह पता कर रही है कि तीनों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई. शक यह भी है कि तंत्र क्रियाओं के दौरान तीनों की मौत हुई है. हालांकि, बाहरी दिल्ली जिले के सीनियर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इसकी जांच सभी एंगल से की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस की मानें तो मौत की असली वजह का खुलासा विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि चौथा व्यक्ति जो अब तांत्रिक के रूप से सामने आया है, इस पूरे प्रकरण में अहम कड़ी है, उसकी तलाश की जा रही है और पकड़ में आने के बाद ही आगे की तहकीकात हो पाएगी.