• सूरजपुर में मामी-भांजे की लव स्टोरी का खौफनाक अंत

    छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मामी-भांजे के अवैध प्रेम संबंध का खौफनाक अंत सामने आया है। जन्मदिन के दिन आरोपी भांजे ने प्रेमिका मामी को घुमाने के बहाने बुलाकर गला घोंटकर और चाकू से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

    सूरजपुर, 2 फरवरी 2026। कहते हैं शादी सात जन्मों का बंधन है, लेकिन जब इस पवित्र रिश्ते में तीसरे की एंट्री होती है, तो अंजाम अक्सर रूह कंपा देने वाला होता है। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मोरभंज गांव से ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्यार, बेवफाई और सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।

    शादी, बच्ची और सामान्य जिंदगी

    करीब 9 साल पहले पिंकी सोलंकी ने बड़े अरमानों के साथ भैसामुंडा निवासी शिवदास से शादी की थी। काम की तलाश में दंपत्ति अंबिकापुर आए। इस दौरान एक बेटी का जन्म हुआ और जिंदगी सामान्य रूप से चल रही थी। भांजे की एंट्री और रिश्तों की मर्यादा तार-तार
    इसी बीच शिवदास का सगा भांजा हेमंत काम की तलाश में मामा के घर रहने आया। इसी दौरान हेमंत और पिंकी के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। हालात इस कदर बिगड़े कि समाज और रिश्तों की सारी मर्यादाएं टूट गईं।

    पिंकी ने अपने पति और मासूम बच्ची को छोड़कर हेमंत के साथ नई जिंदगी शुरू कर ली। दोनों साथ रहने लगे और इस रिश्ते से एक बच्चा भी हुआ। दोनों 5 साल से लिव इन में रहने लगे। दोनों के बीच झगड़ा होने लगा और पिंकी हेमंत को छोड़कर अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर अलग रहने लगी। पिंकी की बहन रिंकी का कहना है हेमंत का किसी और लड़की के साथ अफेयर चलने लगा था जिसके कारण पिंकी उसे छोड़कर आ गई थी। पिंकी 29 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे बर्थडे पार्टी में जा रही हूं जल्दी आऊंगी बोलकर अपनी 5 महीने की बच्ची को मेरे पास छोड़कर गई थी और फिर वापस ही नहीं आई।

     इश्क बना शक की वजह

    जिस प्यार के लिए पिंकी ने अपना घर छोड़ा था, वही धीरे-धीरे उसकी मौत की वजह बन गया। आरोपी हेमंत को पिंकी का सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना और अन्य लोगों से बातचीत करना नागवार गुजरने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और कुछ महीनों से वे अलग-अलग रहने लगे। हालांकि फोन पर कभी-कभी बातचीत होती रहती थी, लेकिन पिंकी को अंदाजा नहीं था कि हेमंत उसके कत्ल की साजिश रच रहा है।

    जन्मदिन बना मौत का दिन

    29 जनवरी 2026 को आरोपी हेमंत का जन्मदिन था।हेमंत ने पिंकी को घुमाने के बहाने मोरभंज बुलाया। दोनों ने साथ में केक काटा और शराब भी पी। इसके बाद हेमंत पिंकी को भीड़-भाड़ से दूर एक सुनसान जगह पर ले गया। यहीं आरोपी ने दुपट्टे से पिंकी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शक होने पर कि पिंकी अभी जिंदा हो सकती है, आरोपी ने चाकू से उसका गला भी रेत दिया। पिंकी की लाश को झाड़ी में फेंककर भाग गया। करीब दो महीने से रची जा रही साजिश को हेमंत ने जन्मदिन के दिन अंजाम दे दिया।

    पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

    एडिशनल एसपी सूरजपुर योगेश देवांगन ने बताया कि शव मिलने के बाद जयनगर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी हेमंत को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।