सूरजपुर में दम घुटने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
सूरजपुर, 18 फरवरी 2026। जिले से हृदयविदारक खबर आ रही है, जहां कोयले की सिगड़ी में जलने वाले धुएं से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इस दुखद हादसे में कवल सिंह(28), पत्नी कुन्ती (25) और उनकी तीन वर्षीय बेटी ममता की दम घुटने से मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्य अलग कमरे में सोए हुए थे। ठंड से बचने के लिए कवल सिंह उनकी पत्नी कुन्ती ने बंद कमरे में कोयले की सिगड़ी जलाई और सो गए। सुबह तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजन जब अंदर गए तो उन्हें उठाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
धुआं भरने से गई जान
हादसे के कारणों में घर में रौशनदान या खिड़की का न होना प्रमुख है, जिससे कार्बन मोनोऑक्साइड बाहर नहीं निकल पाया। सिगड़ी जलने से जहरीली गैस निकलती है, जो बंद कमरे में रहने पर घातक साबित होती है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों और लोगों से आगाह किया है कि बंद कमरे में अंगीठी या सिगड़ी जलाकर न सोएं, क्योंकि यह जीवन के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।