छत्तीसगढ़ में ये क्या हो रहा है, बलरामपुर में फिर सामने आई अफीम की खेती
छत्तीसगढ़ में ये क्या हो रहा है राज्य में तीसरी जगह अफीम की खेती का मामला सामने आया है।
बलरामपुर, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कुसमी के बाद अब कोरंधा में अफीम की खेती मिली है, जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामला कोरंधा थाना क्षेत्र का है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि खजूरी पंचायत में करीब डेढ़ एकड़ में अफीम की फसल लगाई गई है। हालांकि बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, खजूरी गांव झारखंड से लगा है। आज पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।बता दें कि इससे पहले कुसमी में 3 एकड़ खेत में अफीम की फसल उखड़वाई गई थी। जिसकी कीमत 2 करोड़ से अधिक है। वहीं 1 किलो 900 ग्राम अफीम लेटैक्स भी जब्त किया गया है। इस मामले में भाजपा नेता और पूर्व सरपंच समेत 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जबकि मुख्य सरगना को पकड़ने के लिए पुलिस टीम झारखंड रवाना हो गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, खजूरी गांव में अवैध तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी। बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और फसल का निरीक्षण किया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार खजूरी पंचायत के तुर्रापानी इलाके में अफीम की फसल लगाई गई है। अनुमान के मुताबिक डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर खेती की गई है। तुर्रापानी खजूरी पंचायत का हिस्सा है, लेकिन यह पहाड़ी क्षेत्र में बसा इलाका है। यह इलाका झारखंड सीमा से लगा हुआ है। यहां आम तौर पर लोगों का आना-जाना कम रहता है।