दुर्ग में 5 साल की बच्ची के साथ पड़ोसी ने की दरिंदगी, दुष्कर्म के बाद मासूम के मुंह में कपड़ा ठूँसकर बोरे में भरकर फेंका
दुर्ग में दिल दहलाने वाली घटना हुई है। पड़ोसी ने ही 5 साल की मासूम को चॉकलेट का लालच देकर घर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। उसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूँसकर बोर में बंदकर सुनसान इलाके में फेंक दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया है। मेडिकल टेस्ट में भी दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
दुर्ग, 11 अप्रैल 2026। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 30-35 साल के युवक ने अपनी ही पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर रेप किया है। आरोपी बच्ची को उस वक्त उठा ले गया जब वह स्कूल से लौटने के बाद दुकान पर चॉकलेट खरीदने गई थी। नर्सरी में पढ़ने वाली बच्ची के साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया और उसकी हत्या करने की नियत से उसके मुंह को पिलो कवर से बांधकर घर के पीछे खंडहर के करीब कुएं के पास फेंक दिया। बच्ची का दुर्ग जिला अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर है।
चॉकलेट खरीदने निकली थी बच्ची
बच्ची शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल से घर लौटी थी। इसके बाद वह पास की ही एक दुकान पर चॉकलेट खरीदने के लिए गई थी। आरोपी धनेश्वर साहू भी वहीं मौजूद था। वह बच्ची को पहले से जानता था क्योंकि दोनों का घर आसपास ही है। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और वहां उसके साथ गलत काम किया। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। धीरे-धीरे पूरा गांव बच्ची को ढूंढने में जुट गया।
बोरे में हिलती दिखी मासूम, मुंह पर बंधा था कपड़ा
दोपहर करीब 2 बजे गांव के दो युवकों की नजर कुएं के पास पड़े एक बोरे पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बोरा थोड़ा हिल रहा है। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। बोरे के अंदर वही 5 साल की बच्ची बंद थी। मासूम का मुंह तकिया कवर से बेरहमी से बांधा गया था ताकि वह चिल्ला न सके।
उसे खोज निकालने वाले युवक ने बताया कि जब बच्ची को बाहर निकाला गया, तो वह पसीने से तरबतर थी और उसे सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी। वह इतनी डरी हुई थी कि कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस को सूचना देकर तत्काल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना, पुलिस ने भांजी लाठी
जैसे ही बच्ची के मिलने और उसके साथ हुई दरिंदगी की खबर गांव में फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी धनेश्वर साहू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। खबर मिलते ही रात करीब 9 बजे 150 से ज्यादा ग्रामीण उतई थाने पहुंच गए। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए या फिर उसे नग्न करके मोहल्ले में उसका जुलूस निकाला जाए। लोगों पर पुलिस ने लाठियां भांजी। ग्रामीण आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे थे।