• CSK vs DC IPL: आईपीएल 2026 सीजन में लगा पहला शतक, सैमसन की 115 रनों की नाबाद पारी से चेन्नई का खाता खुला

    CSK vs DC IPL: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शनिवार को दो मैच हुए. दिन के मैच में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की. वहीं, दिन के दूसरे मैच में CSK को DC के विरुद्ध 23 रनों से जीत मिली.
    दिल्ली, 12 अप्रैल 2026। लगातार 3 मैच हारने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 में पहली जीत नसीब हो गई है. शनिवार, 11 अप्रैल को टीम ने टूर्नामेंट के 18वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से रौंदा और 2 अंक अर्जित किए. अब कोलकाता नाइट राइडर्स इकलौती ऐसी टीम बची है, जिसने मौजूदा सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं जीता है. चेपॉक स्टेडियम में हुए इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 212/2 का स्कोर खड़ा किया, जिसमें सबसे बड़ा योगदान संजू सैमसन का रहा. जवाबी पारी में टारगेट का पीछा करते दिल्ली की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 189 रनों पर ढेर हो गई. 

    चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सैमसन ने 56 गेंदों पर 115* रनों की यादगार पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उनके अलावा आयुष म्हात्रे ने 36 गेंदों पर 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 59* रनों की अहम पारी खेली. दिल्ली के लिए अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला. 

    वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से सबसे ज्यादा रन ट्रिस्टन स्टब्स ने बनाए. स्टब्स जब तक क्रीज पर जमे थे, तब तक दिल्ली की जीत की उम्मीद बरकरार थी. हालांकि, इस दौरान कोई अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे पाया. स्टब्स ने 38 गेंदों का सामना करने के बाद 60 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए. CSK की तरफ से जेमी ओवरटन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए.

    संक्षिप्त स्कोरकार्ड –

    CSK बनाम DC, IPL 2026
    चेन्नई सुपर किंग्स 
    212/2 (20 ओवर)
    संजू सैमसन – 115* रन
    आयुष म्हात्रे – 59* रन
    अक्षर पटेल – 1 विकेट

    दिल्ली कैपिटल्स
    189 (20 ओवर)
    ट्रिस्टन स्टब्स – 60  रन
    पाथुम निसांका – 41 रन
    जेमी ओवरटन – 4 विकेट

    परिणाम
    चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराया. 

    प्लेयर ऑफ द मैच – CSK बनाम DC
    संजू सैमसन, 56 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए.