बिलासपुर में फ्रिज ब्लॉस्ट होने से महिला जिंदा जली
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. लिंगियाडीह स्थित घर में फ्रिज के कंप्रेशर में ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई. 57 वर्षीय बुजुर्ग महिला जया अग्रवाल जिंदा जल गईं. आग इतनी तेज फैली कि महिला को घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही मौत हो गई.
बिलासपुर, 16 मार्च 2026। सरकंडा थाना क्षेत्र में घर में रखे फ्रिज के अचानक ब्लास्ट होने से लगी भीषण आग में 57 वर्षीय बुजुर्ग महिला जया अग्रवाल जिंदा जल गईं. महिला को घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे उनके घर में हुई. फ्रिज ब्लास्ट के धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए. देखा कि बुजुर्ग महिला के घर में आग लग गई है तो लोग बाल्टी से आग बुझाने की कोशिश भी किए. दमकल वाहन पहुंचने में थोड़ी देर लग गई. प्रारंभिक जांच में फ्रिज के कंप्रेशर में गैस लीक या शॉर्ट सर्किट से ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी मदद नहीं कर पाए. दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
पुलिस ने बताया कि घर पर बुजुर्ग महिला अकेली थीं और आग लगने पर उनकी मदद के लिए कोई नहीं था. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग का फैलाव बहुत तेज था. दमकल टीम पहुंचने में समय लगा और तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था. पुलिस ने प्रारंभिक रिपोर्ट में दुर्घटना बताया है लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. बुजुर्ग महिला का परिवार बेंगलुरु में रहता है. पड़ोसियों ने न्याय की मांग की है. इलाके में सनसनी फैली हुई है. लोगों का कहना है कि फ्रिज ब्लास्ट कैसे हो सकता है?
इस मामले में टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि बिलासपुर के लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे एक मकान में ब्लॉस्ट होने की जानकारी मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, स्थानीय और दमकल टीम के साथ आग पर काबू पाया। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला की लाश मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किन कारणों से फ्रिज में ब्लास्ट हो सकता है?
अक्सर लोगों को लगता है कि फ्रिज खुद ब्लास्ट करता है, लेकिन ऐसा नहीं है। दरअसल फ्रिज के पीछे लगे कंप्रेसर में खराबी या गैस लीक होने से यह हादसा होता है। कंप्रेसर के अंदर एक पंप और मोटर होती है, जो रेफ्रिजरेंट गैस को कॉइल्स में भेजती है, जिससे फ्रिज ठंडा रहता है। लगातार इस्तेमाल या फ्रिज में बर्फ जमने से गैस का फ्लो रुक जाता है। इससे फ्रिज का पिछला हिस्सा गर्म होने लगता है और कॉइल्स सिकुड़ने लगती हैं।
अंदर दबाव बढ़ने से विस्फोट की स्थिति बन सकती है। गैस लीक, शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग जैसी तकनीकी खराबियों के कारण भी फ्रिज में ब्लास्ट होता है। फ्रिज के अंदर कूलिंग के लिए आइसोब्यूटेन (R-600a) जैसी ज्वलनशील गैस का इस्तेमाल किया जाता है, जो लीक होकर बंद कमरे में जमा हो जाए तो स्पार्क या बिजली के संपर्क में आने पर विस्फोट हो सकता है।