मिडिल ईस्ट तनाव के बीच PM मोदी ने की हाई लेवल मीटिंग, LPG-डीजल-पेट्रोल की सप्लाई की समीक्षा
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पेट्रोलियम, कच्चे तेल, गैस, बिजली और उर्वरक क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा के लिए एक हाई लेवल मीटिंग की. जिसमें एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की सप्लाई आदि पर चर्चा हुई.
नई दिल्ली, 23 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पेट्रोलियम, कच्चे तेल, गैस, बिजली और उर्वरक क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा के लिए एक हाई लेवल मीटिंग की. जिसमें पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बीच एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की सप्लाई को बनाए रखने के साथ कृषि, उर्वरक, खाद्य सुरक्षा, बिजली, एमएसएमई, निर्यातक, शिपिंग, व्यापार, वित्त, सप्लाई चेन और सभी प्रभावित क्षेत्रों पर पड़ने वाले अपेक्षित प्रभाव और उससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा की गई.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने मीटिंग की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी. उन्होंने लिखा, 'पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर राहत उपायों की समीक्षा के लिए सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता की. हमने अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक उपायों पर व्यापक चर्चा की, जिनमें किसानों के लिए उर्वरकों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना, प्रमुख क्षेत्रों के लिए आयात स्रोतों में विविधता लाना, नए गंतव्यों को निर्यात को बढ़ावा देना आदि शामिल हैं. हम अपने नागरिकों को संघर्ष के प्रभाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.'