• राजधानी के विकास में एक और कदम, गुढ़ियारी से रेलवे स्टेशन तक चौड़ी सड़क

    रायपुर, 28 मार्च 2026। राजधानी के अनुरूप रायपुर के विकास पर मौजूदा सरकार पूरा ध्यान दे रही है। इसी क्रम में रायपुर की सकरी और तंग गलियों को भी ठीक करने की दिशा में कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। अब गुढ़ियारी के पहाड़ी चौक से सीधे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंच सकेंगे। लोक निर्माण विभाग, महानदी भवन ने इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए करीब 84.68 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए करीब 200 भूस्वामियों को 73 करोड़ के मुआवजे भी बांटे जाएंगे। 

    गुढ़ियारी, अशोक नगर, गोंदवारा और कोटा इलाके से आने वाली लाखों की आबादी को इस मार्ग के चौड़ीकरण से सहूलियत होगी। यहीं नहीं भिलाई से भी आने वाले लोग भी महोबा बाजार के होटल पिकाडली के बाजू से प्रवेश कर कोटा होते हुए भारत माता चौक पहुंचेंगे फिर पहाड़ी चौक से सीधे प्लेट फार्म नँबर 7 में एंट्री करेंगे। गुढ़ियारी अंडर ब्रीज से यह रोड एक्सप्रेस वे से भी जुड़ेगी।

    यानी इस मार्ग के चौड़ीकरण हो जाने से महोबाबाज़ार, कोटा और गुढ़ियारी से एक्सप्रेस वे पकड़कर एयरपोर्ट, नया रायपुर, धमतरी रोड, होल सेल मार्केट डूमरतराई तथा सद्दाणी दरबार के आगे भी पहुंचा जा सकेगा।पहाड़ी चौक से गुढ़ियारी अंडर ब्रिज तक प्रस्तावित इस मार्ग की लंबाई केवल .87 किमी है लेकिन इसके बन जाने से रेलवे स्टेशन से उस तरफ जाने वालों को भी काफी सहूलियत देगी। साथ ही इस मार्ग के चौड़ीकरण से वहां से कनेक्टिविटी भी बढ़ जाएगी। उधर रेलवे अंडर ब्रिज से स्टेशन के पीछे वाले हिस्से में सीसी रोड का निर्माण कर रहा है जो इस मार्ग को सीधे प्लेटफार्म नंबर 7 से जोड़ेगी।

    लोक निर्माण विभाग, रायपुर के कार्यपालन अभियंता राजीव नशीन ने 'आज की आवाज़' को बताया कि प्रस्तावित मार्ग के चौड़ीकरण के करीब 200 प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। यह काफी महत्वपूर्ण रोड है जिसमें करीब 73 करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने का आंकलन किया गया है और 5.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जाएगा। अभी राजस्व विभाग के साथ मिलकर मुआवजे की कार्रवाई की जा रही है। एक महीने बाद टेंडर जारी कर देंगे।