Tamilnadu Election: सीट बंटवारे से नाराज अन्नामलाई नहीं लड़ेंगे चुनाव? तमिलनाडु में बीजेपी को झटका
तमिलनाडु में चुनाव से पहले बीजेपी में फूट की खबरें आ रही है. ऑल इंडिया अन्ना मुनेत्र कड़गम के साथ सीट बंटवारे से नाराज होकर बीजेपी के दिग्गज नेता अन्नामलाई विधानसभा चुनावों से दूरी बना सकते हैं. अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अन्नामलाई ने दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व को चिट्ठी भी लिखी है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
नई दिल्ली/ चेन्नई, 28 मार्च 2026. तमिलनाडु में भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है. सूत्र बताते हैं कि तमिलनाडु बीजेपी के नेता के. अन्नामलाई ने चुनावों से पहले बीजेपी और ऑल इंडिया अन्ना मुनेत्र कड़गम के बीच सीट बंटवारे के तौर तरीकों पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को इस संबंध में चिट्ठी भी लिखी है. अन्नामलाई कुछ चुनिंदा सीटों को ऑल इंडिया अन्ना मुनेत्र कड़गम को दिए जाने पर नाराजगी जताई और पार्टी नेतृत्व को पत्र लिखकर गठबंधन समझौते के तहत बीजेपी को मिली सीटों पर अपनी चिंताएं भी जाहिर की है.
बताया जा रहा है कि वह इस बात से नाराज है कि ऑल इंडिया अन्ना मुनेत्र कड़गम ने उन सीटों को बीजेपी को नहीं दिया जिन्हें भाजपा के लिए जीत के लिहाज से आसान माना जा रहा था. इसमें किनाथु कड़ावु सीट भी शामिल है. सूत्र बताते हैं कि अन्नामलाई ने पार्टी नेतृत्व को सूचित कर दिया है कि वे तमिलनाडु चुनाव नहीं लड़ेंगे. यह असंतोष पार्टी कार्यकर्ताओं तक भी पहुंच गया है. भाजपा कार्यकर्ताओं शुक्रवार को किनाथुकड़ावु में विरोध प्रदर्शन भी किया और सीटों के बंटवारे की व्यवस्था पर अपना गुस्सा जाहिर किया.
मीडिया ने पहले भी अपने रिपोर्ट में लिखा था कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के साथ गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी के अंदर बेचैनी थी. इस बीच एनडीए ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है. कुल 234 सीटों में से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम 169 सीटों पर और बीजेपी 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. हालांकि, गठबंधन के अन्य सहयोगियों को भी सीटें आवंटित की गई है, जिसमें पीएमके को 18 और एएमएमके को 11 सीटें मिली है.
उधर, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम नेता के. पलानी स्वामी ने कहा कि गठबंधन के भीतर बातचीत सुचारू रूप से हुई और उन्होंने पुष्टि की कि सीटों की संख्या को आधिकारिक तौर पर अंतिम रूप दे दिया गया है. उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों के साथ चर्चा अभी भी जारी है और उन्हें आवंटित सीटों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी. गौरतलब है कि तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल को है. वोटो की गिनती 4 मई को होगी. हालांकि, इस बार मुख्य मुकाबला डीएमके - कांग्रेस गठबंधन और एआईएडीएमके गठबंधन एवं अन्य क्षेत्रीय दलों के बीच होने की संभावना है.