छोटा पैकेट, बड़ा धमाका
-डी. आर. साहू
अफीम के नशे में पटवारी
छत्तीसगढ़ में धान की फसल के स्थान पर अफीम की खेती लहलहा रही है। गिरदावरी में क्या देखकर फसल विवरण दर्ज कर रहे थे पटवारी? इसका मतलब खेत देखकर नहीं, बल्कि किसानों का चेहरा देखकर पटवारी गिरदावरी भरते हैं।
नमक मंत्री का, वफ़ा सचिव का
सूबे के एक दिग्गज मंत्री के ओएसडी बड़े गुरु घंटाल निकले। नमक तो मंत्री का खाते हैं, लेकिन वफा अधिकारियों का अदा करते हैं। वह मंत्री से राजनीतिक निर्णय दिलवाने की बजाय ब्यूरोक्रेटिक फैसले धड़ल्ले से करवा रहे हैं। वह माननीय से सदन में अक्सर अधिकारियों के मनमाफिक बयान दिलवाते देखे गए हैं। ओएसडी का मानना है कि सचिव से संबंध मधुर हो तो अपना उल्लू सीधा करना आसान होता है और संबंध लंबे समय तक काम भी आते हैं। जब-जब मंत्रियों ने अधिकारी को सर माथे पर और जनता के हितों को जूते पर रखने की चेष्टा की है उनका अंत बुरा हुआ है। अब मंत्री जी समय रहते चेत जाते हैं, तो अच्छा है, वरना ओएसडी साहब ऐसा करते-करते पूर्व में दो मंत्रियों की नैया डूबा चुके हैं।
फेरबदल की आहट
छत्तीसगढ़ बजट सत्र समाप्त होते ही फेरबदल की चर्चा जोरों पर है। एक दिग्गज माननीय को राष्ट्रीय संगठन में पदोन्नत किए जाने की खबर के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। राज्य में चार मंत्री बदले जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। संगठन के एक दिग्गज पदाधिकारी का कहना है कि नये और पुराने दोनों खतरे से बाहर नहीं है। परफॉर्मेंस बेस पर निर्णय लिये जाएंगे। बजट सत्र के कुशल संचालन के बाद धरमलाल कौशिक को इसी पद पर नियमित किया जा सकता हैं, बशर्ते रमन सिंह को बड़ी भूमिका दी जाती है तब..।
जोर का झटका धीरे से
छह वरिष्ठ अधिकारियों को सुपरसीड करके अरण्य भवन के बड़े साहब बने महाशय तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर 31 मई को रिटायर हो रहे हैं, लेकिन कुर्सी का मोह नहीं छूट रहा है। पता चला है कि बीच में वह एक्सटेंशन के लिए जोर आजमाइश कर रहे थे। इसी क्रम में वह भाईसाहब के पास पहुंच गए और आगे के लिए उनसे आशीर्वाद मांगने लगे। इस पर भाईसाहब ने कहा कि तुमने कार्यकाल पूरा कर लिया उतना बहुत है। तब से साहब उदास रहते हैं।
पुछल्ला
राज्य में लगातार अफीम की खेती के खुलासे पर डिप्टी सीएम ने कहा कि "कांग्रेस का लगाया हुआ अफीम का बीच अब बना पौधा।" इस पर एक कांग्रेसी नेता ने कहा कि "यह भाजपाइयों का ट्रेंड बन गया है कि किसी का बच्चा होता तो भी कांग्रेस को दोष दिया जाता है न हो तो भी..। वे भूल जाते हैं कि राज्य में ढाई साल से सरकार उनकी है।"
बूझो तो जानें
0 'सोने की बिस्किट' लेने की चर्चा के बाद क्या मोहतरमा हटाई जाएंगी?
0 फेरबदल की सुगबुगाहट के बाद एक माननीय मां कामाख्या का चक्कर लगा रहे हैं?
0 जनवरी में एपीसीसीएफ पदोन्नत हुईं एक आईएफएस को हर वक्त क्रीम पोस्टिंग ही क्यों चाहिए?
0 विधानसभा में अजय चंद्राकर ने ऐसा क्यों बोला कि राजधानी के भाठागांव सरकारी अस्पताल के डॉक्टर धुरंधर-2 देखने गए होंगे?