• बंगाल में मतदान का नया रिकॉर्ड, पहले चरण में 91.46% मतदान: ममता बोली - SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग

    पश्चिम बंगाल और  तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरुवार को  बंपर वोटिंग हुई. बंगाल की  294 सीटों में से 152 सीटों पर पहले चरण में 91.46% मतदान हुआ. वहीं तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर रिकॉर्ड 84.41% वोटिंग हुई. पढ़िए, समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-

    कोलकाता/ चेन्नई, 23 अप्रैल 2026. दोनों प्रदेशों के इतिहास में पहली बार सबसे अधिक वोटिंग हुई है. चुनाव आयोग के आंकड़े शाम 5  बजे तक का है. इनमें बदलाव भी हो सकता है. ममता ने मतदान के बाद कहा-- बंगाल की जनता ने एसआईआर के खिलाफ बंपर वोटिंग की है. जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि टीएमसी का सूरज  ढल चुका है. इससे पहले असम, केरल और पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को रिकॉर्ड वोटिंग हुई थी.

    असम के इतिहास में सबसे अधिक 85.91%, पुडुचेरी में  90% और केरल में 1987 के बाद सबसे अधिक 78. 27% मतदान हुआ था. पाचों प्रदेशों के विधानसभा चुनाव के नतीजे एक साथ 4 मई को आएंगे. इसके साथ-साथ  गुजरात और महाराष्ट्र की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी वोट डाले गए. सभी जगह पर सुरक्षा के कडे इंतजाम थे. वोटिंग के दौरान पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है.

    मुझे किसी भी पद में कोई दिलचस्पी नहीं: ममता बनर्जी
    कोलकाता में रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, चुनाव के पहले चरण में अब तक हुई वोटिंग से संकेत मिलता है कि टीएमसी पहले से ही जीत की स्थिति में है. मुझे किसी भी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है. मैं तो बस केंद्र में बीजेपी सरकार का अंत चाहती हूं.

    तमिलनाडु में एनडीए की होगी जीत : सौम्या अंबुमणि

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र से पीएमके प्रत्याशी सौम्या अंबुमणी ने कहा, वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल करना हमारे लिए गर्व की बात है. देश में आजादी के बाद ही  महिलाओं को पुरुषों के बराबर वोट देने का अधिकार दिया गया था. एनडीए गठबंधन के हिस्से के तौर पर मुझे तमिलनाडु में चुनाव का रुझान बहुत ही सकारात्मक लग रहा है. लोग बदलाव चाहते हैं. मुझे यकीन है कि एनडीए जीतेगा.

    इस बार बंगाल चुनाव के नतीजे बिल्कुल अलग होंगे: बीजेपी 

    पश्चिम बंगाल चुनाव: बीजेपी सांसद मनन मिश्रा ने कहा, '4  मई ममता दीदी गई.' पिछले दो-तीन चुनावों से मतदाता वोट डालने जा भी नहीं पाते थे. यदि जाते भी थे तो डर के मारे टीएमसी को ही वोट देना पड़ता था. केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को इस बात की चिंता थी. आज पूरे राज्य में पैरामिलिट्री फोर्स मौजूद हैं और मतदाता स्वतंत्र होकर बिना किसी डर के  मतदान किया है. इस बार चुनाव के नतीजे बिल्कुल अलग होंगे.

    4 मई के बाद लूट का हिसाब लिया जाएगा : पीएम मोदी

    बंगाल के मथुरापुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 4 मई टीएमसी सिंडिकेट और 'महा - जंगलराज ' एक्सपायरी डेट है. 4 मई के बाद इस लूट का हिसाब लिया जाएगा. कट मनी का खेल अब नहीं चलेगा.

    मेरी कार पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया : अग्निमित्रा पॉल 
    आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल ने कहा, मेरी कार पर हमला किया गया. उसे तोड़ दिया गया. मैं रहमतनगर के अल्पसंख्यक इलाके में गई थी. कभी मेरी कार पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया. हालांकि, मुझे कुछ नहीं हुआ लेकिन मेरे सचिव को हल्की चोट आई है.

    सवांग के सरता मतदान केंद्र संख्या 92 पर भाजपा कार्यकर्ता पर हमला

    बंगाल के  सबांग सरता बूथ संख्या 92 पर भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया गया. वजह था बाहर निकाल कर अपना वोट नहीं डाल पाना.

     बंगाल में इन जगहों पर झड़प

    ● बंगाल के कूचबिहार में भी झड़प, बीजेपी-- टीएमसी कार्यकर्ता  भिड़े.

    ● मथभंगा में हंगामा. • कुमारगंज में भाजपा प्रत्याशी पर हमला.

    ● बीरभूम के भ्रमरकोल इलाके में भी झड़प.

    मुर्शिदाबाद में बवाल, हुमायूं कबीर के काफिले पर पथराव 
    मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान बवाल हो गया. हुमायूं कबीर के काफिले पर पथराव की खबर है. पथराव में कई गाड़ियों के शीशे भी टूट गए हैं. जबकि पोलिंग बूथ के बाहर दो गुटों में जमकर लाठी डंडे चले हैं.

    कूचबिहार में 6 मतदान केंद्र पर वोटिंग रोका गया
    यहां के उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 6 मतदान केंद्र पर वोटिंग रोक दी गई. वहीं कुछ जगहों पर  वोटिंग मशीनों की कंट्रोल यूनिट में गड़बड़ी पाई गई. चुनाव आयोग की तैयारियों में भारी कमी साफ तौर पर दिखाई दे रही है. ऐसा ही एक मामला अंगार काटा प्राइमरी स्कूल स्थित बूथ नंबर 3/154 का है. इस केंद्र पर वीवीपीएटी लॉक हो गया.