डॉ. राममनोहर लोहिया कौशल विकास केंद्र का निर्माण एक महत्वपूर्ण पहल : टी. गोपाल सिंह
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले स्थित बहरागोड़ा में विकास की दिशा में सोमवार 23 मार्च का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब समाजवादी चिंतक एवं राजनेता डॉ. राम मनोहर लोहिया की 116 वीं जयंती पर डॉ राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया. यह केंद्र आस- पास के अंचलों के युवाओं और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उन्हें आधुनिक कौशल से सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट..
बहरागोड़ा, 25 मार्च 2026. इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ेगा और उनके हुनर को निखारने में अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि "कौशल विकास की समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज की नींव है." डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र के आधारशिला रखे जाने पर शुभकामनाएं दी और कहा कि इसके विकास में झारखंड सरकार की ओर से जो भी सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी, हर संभव सहयोग की जाएगी.
राष्ट्र नायकों को नमन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. उपस्थित अतिथियों ने अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव एवं महान समाजवादी चिंतक डॉ. रामोहर लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. तत्पश्चात सभी अतिथियों का अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया.
"गांव में ही मिलेगा शहर जैसा अवसर - समीर मोहंती
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक समीर मोहंती ने अपने संबोधन में कहा कि यह केंद्र बहरागोड़ा के युवाओं के लिए एक गेम-- चेंजर साबित होगा. उन्होंने कहा, अब युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा. यहीं पर आधुनिक तकनीक, रोजगारपरक प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. जबकि यह केंद्र क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देगा. समीर मोहंती ने इस पहल को "बहरागोड़ा के निर्माण की मजबूत नींव" बताया. वहीं, लोहिया विचार मंच, हैदराबाद के अध्यक्ष तथा सेवानिवृत न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि 23 मार्च 2026 का दिन डॉ. राममनोहर लोहिया और उनके करीबी रहे बदरीविशाल पित्ती के सपनों को साकार करने का ऐतिहासिक दिन बन गया है.
डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन, नई दिल्ली की सराहना करते हुए उन्होंने कौशल विकास केंद्र के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के हर संभव मदद का भरोसा दिलाया . इस महत्वपूर्ण अवसर पर पूर्व विधायक कुणाल षडंगी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही. इस मौके पर उद्घाटनकर्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षडंगी, सम्मानित अतिथि पूर्व मंत्री तथा महाराजा मयूरभंज प्रवीण चंद्र भंजदेव, ऋषिकेश से पधारे अव्यक्त, लोकबंधु राजनारायण ट्रस्ट, लखनऊ के संस्थापक अध्यक्ष सैयद शाहनवाज अहमद कादरी, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं साहित्यसेवी गोविंद अग्रवाल डोदराजका, पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी, जनजातीय मुद्दों के प्रसिद्ध लेखक और साहित्यकार संदीप मुरारका, समाजवादी नेता रामबाबू अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा, समाजवादी विचारक श्याम कुमार डे, रवींद्रनाथ चौबे, गौरव क्रांतिगुरु, डॉ. बिनी षडंगी, बहरागोड़ा की एस. डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश कुमार आदि उपस्थित थे. जबकि मंच का संचालन डॉ राममनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन, दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह ने की. तथा धन्यवाद ज्ञापन पूरन चंद फाउंडेशन के सचिव अभिजीत कुमार ने किया. इस दौरान कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.
क्या बदलेगा इस केंद्र से?
इस केंद्र के शुरू होने से बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा. वहीं, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा एवं स्वरोजगार और स्टार्टअप के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र में पलायन की समस्या में कमी आएगी. जबकि महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे.
क्षेत्र में उत्साह, लोगों को नई उम्मीदें
इस केंद्र के शिलान्यास शेर बरसोल और आसपास के गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पहला बहरागोड़ा को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगी. डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र का शिलान्यास न केवल एक परियोजना की शुरुआत है, बल्कि यह बहरागोड़ा के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला ऐतिहासिक कदम है. आने वाले समय में यह केंद्र पूरे क्षेत्र के विकास की धुरी बनने की उम्मीद मे है. डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ को लेकर बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षडंगी ने बरसोल मौजा में 4 एकड़ जमीन दान मे दी है. जहां यह कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ हुआ है.
समाजवादी प्रशिक्षण का बनेगा केंद्र
बहरागोड़ा के बरसोल में आयोजित भूमि पूजन एवं शिलान्यास अनुष्ठान के उपरांत आयोजित संगोष्ठी में डॉ राममनोहर लोहिया रिचार्ज फाउंडेशन, दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह ने कहा कि यह केंद्र समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के स्वप्नों का प्रकल्प होगा. डॉ. लोहिया चाहते थे कि भारत के सुदूर में समाजवादी प्रशिक्षण का केंद्र बने, लेकिन उनकी असामयिक मृत्यु के बाद केंद्र नहीं बन सका. आज डॉ. राममनोहर लोहिया की 116वीं जयंती पर चैतन्यता केंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया. यह आने वाले कुछ वर्षों में बहरागोड़ा स्थित इस केंद्र की पहचान समूचे भारत में बनेगी.