• चार्जिंग के दौरान आग के गोले  में तब्दील हुई ईवी! एक ही घर में जिंदा जले आठ लोग

    इंदौर के तिलक नगर इलाके के प्रीति नगर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान लगी आग घर में फैल गई और इस हादसे में मकान मालिक सहित आठ लोगों की जान चली गई. इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग लगी हुई थी.

    इंदौर, 19 मार्च 2026. बुधवार तड़के इंदौर शहर में एक बड़ा हादसा हो गया, यहां तिलक नगर इलाके के प्रीति नगर में एक घर में आग लगने से 8 लोग जिंदा जल गए और 4 गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. हादसा घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से हुआ जो पूरे घर में फैल गई. इस दौरान घर में रखे एलपीजी सिलेंडर फटने से लगे आग तेजी से फैल गई.

    इस दर्दनाक घटना पर मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है और दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थित जांच की निर्देश दिए हैं. इस बीच  राजधानी भोपाल से अधिकारियों और विशेषज्ञों को भी इंदौर रवाना किया गया है. एसपी कुंदन मंडलोई ने  हादसे में मकान मालिक सहित  8 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है.

    सूत्र बताते हैं कि इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिक कार  चार्जिंग में लगी हुई थी एवं सूचना मिलती ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया वहीं, घर से सभी 8 शवों को बाहर निकाला. खबर है कि घर में रखे गए 6 से 7 सिलेंडर भी निकाल लिए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मनोज पुगलिया, सिमरन पुगलिया, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, छोटू सेठिया, टीनू, राशि, और तनय के रूप में हुई है. जबकि सुनीता पुगलिया, सौरभ पुगलिया, सोमिल  पुगलिया और हर्षित पुगलिया गंभीर रूप से झुलस गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    पड़ोसियों के मुताबिक, जब सुबह चीख - पुकार मची तो वे बाहर निकले, देखा तो मकान में आग लगी हुई थी. उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी. इस दौरान पड़ोसी बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश में लग रहे, लेकिन आग तब तक पूरे घर में फैल चुकी थी. इस घटना के बाद कॉलोनी में शोक की लहर है. इस बीच राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से हादसे की जानकारी ली. आगे की जांच जारी है.