'हां... मैंने जदयू छोड़ दिया है', केसी त्यागी ने 23 साल बाद छोड़ी पार्टी, सियासी उठा पटक का दौर..
बिहार में जनता दल यूनाइटेड के दिग्गज नेता केसी त्यागी ने 23 साल बाद पार्टी को अलविदा कह दिया है. उन्होंने खुद इस बात पर मुहर लगा दी है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट..
नई दिल्ली/ पटना,19 मार्च 2026. बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के सीनियर नेता केसी त्यागी ने मंगलवार को आखिरकार जदयू छोड़ने का आधिकारिक बयान जारी कर दिया. उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी छोड़ दी है और अपने भविष्य के अगले कदम को लेकर शीघ्र ही निर्णय करूंगा. दरअसल, केसी त्यागी समता पार्टी और जनता दल के विलय अक्टूबर 2003 में अस्तित्व में आई पार्टी जनता दल यूनाइटेड से जुड़े हुए थे. उन्होंने जदयू में महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित अनेक पदों पर कार्य किया था.
जदयू के दिग्गज नेता केसी त्यागी ने मीडिया से कहा कि मैंने पार्टी छोड़ दी है. पूर्व राज्यसभा सदस्य ने एक बयान में कहा कि जदयू की सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है और इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों सहित दलितों, किसानों और कृषि श्रमिकों के हितों से संबंधित व्यापक वैचारिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले की तरह ही दृढ है. त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अभी भी वैसा ही है. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक लोगों से परामर्श करने के बाद शीघ्र ही भविष्य को लेकर निर्णय लिया जाएगा.
त्यागी ने कहा कि मेरे कुछ राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ता 22 मार्च 2026 को दिल्ली के मावलंकर हॉल रफी मार्ग में देश की ज्वलंत राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के लिए समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की एक बैठक का आयोजन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम' भारत रत्न ' चौधरी चरण सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया और 'भारत रत्न' कर्पूरी ठाकुर के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेते रहेंगे
नीतीश कुमार को 'भारत रत्न' देने की मांग की थी
बीते दिनों केसी त्यागी ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'भारत रत्न ' देने की मांग की थी. त्यागी ने नीतीश कुमार को समाजवादी आंदोलन का अनमोल रत्न बताया था और कहा था कि वे इस सम्मान के योग्य हैं.