बुलडोजर पर भड़की पूर्व सीएम उमा भारती, सड़क किनारे हाथठेला पर बेचा पोहा और जलेबी
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो टीकमगढ़ में सड़क किनारे पोहा और जलेबी बेचते नजर आ रही हैं. इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से गरीब विक्रेताओं की रोजी-रोटी न छीनने और उनकी दुकानें वापस लगवाने की अपील की. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट---
टीकमगढ़, 8 अप्रैल 2026. जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मंगलवार की सुबह मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में सड़क किनारे एक हाथ - ठेला लगाया और पोहा - जलेबी बेची. उन्होंने उन छोटे दुकानदारों को वापस बुलाया, जिन्हें एक दिन पहले हटा दिया गया था, ताकि वे अपने ठेले फिर से लगा सकें. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वे गरीबों की रोजी-रोटी न
छीनें. दरअसल, सोमवार को नगर पालिका, एसडीम और तहसीलदार की टीम ने यहां के सिविल लाइन रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था. इस दौरान जेसीबी से कई छोटी दुकानें और हाथठेले हटा दिए गए थे. उमा भारती ने इस कार्रवाई का विरोध किया था और छोटे दुकानदारों को हटाए जाने को गलत बताया था.
इसी को लेकर मंगलवार सुबह वे सिविल लाइन रोड स्थित बंगले से निकलकर हाथठेले पर पहुंची और यहां खुद पोहा और जलेबी बेचकर दुकानदारों का समर्थन किया. इस दौरान उन्होंने हाथठेला वालों से दोबारा सड़क किनारे ठेले लगाने को कहा. उमा भारती ने कहा कि पार्षदों ने पहले जगह चिन्हित करने को कहा था. तीन-चार जगह भी बताए गए थे. प्रशासन पहले दुकानों के लिए जगह दे, बाद में हटाए. उन्होंने हटाए गए दुकानदारों से अपील की कि वे वापस आएं और यहीं दुकानें लगाएं, मैं उनके साथ हूं. उनके ठेले को यहां से नहीं हटाने दिया जाएगा. उमा भारती से पूछा गया कि क्या उन्होंने प्रशासन से बात की है. उमा भारती ने कहा कि मुझे अभी इसका पता चला है. मैं प्रशासन से बात करूंगी. सभी के ठेले वापस यहां लगाए जाएंगे.