• IND vs WI T20: वेस्टइंडीज को परास्त कर टी20 विश्व कप के सेमी फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

    IND vs WI T20:भारत ने वेस्टइंडीज को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में 5 विकेट से पटखनी देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। जानिए सेमीफाइनल में किस टीम से और कब होगी टीम इंडिया की भिड़ंत?

    कोलकाता, 1 मार्च 2026। टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड का अंत भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेले गए करो या मरो के मुकाबले के साथ हुआ। भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली। टीम इंडिया छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। भारत ने जीत के लिए मिले 196 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। संजू सैमसन ने भारत की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने 97(50) रन की नाबाद यादगार पारी खेली। भारत दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बनी।

    वेस्टइंडीज ने भारत को दिया 196 का लक्ष्य

    मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 40(25) रन रोस्टन चेज ने बनाए। उनके अलावा जेसन होल्डर(22 गेंद में 37 रन), रोवमैन पॉवेल(19 गेंद में 34 रन), शाई होप (33 गेंद में 32 रन) और शेमरॉन हेटमायर (12 गेंद में 27) रन की पारी खेली। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट जसप्रीत बुमराह ने और एक-एक विकेट हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने लिए।

    संजू की आतिशी पारी ने दिलाई जीत

    जीत के लिए 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। भारत के अभिषेक शर्मा और ईशान किशन 10-10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारत ने 4.3 ओवर में 41 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद संजू सैमसन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम को 100 रन के करीब पुहंचा दिया। इसके बाद तिलक वर्मा ने थोड़ी देर सैमसन का साथ दिया। लेकिन उनके आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या दूसरे छोर पर टिक गए। 179 के स्कोर पर हार्दिक पांड्या शमार जोसेफ की गेंद पर कैच दे बैठे। हार्दिक ने 17(14) रन बनाए। अंत में भारतीय टीम ने 196 रन के विजयी लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। संजू सैमसन ने 97(50) रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के जड़े। शिवम दुबे 8(2) रन बनाकर नाबाद रहे।

    इंग्लैंड से होगी सेमीफाइनल में सामना

    सुपर-8 राउंड के ग्रुप-1 में दक्षिण अफ्रीका की टीम 3 मैच में तीन जीत के साथ पहले पायदान पर रही। वहीं टीम इंडिया तीन मैच में 2 जीत और एक हार के साथ दूसरे पायदान पर रही। वहीं ग्रुप-2 में इंग्लैंड तीन मैच में तीन जीत के साथ पहले और न्यूजीलैंड तीन मैच में एक जीत, एक हार और एक रद्द मुकाबले के साथ दूसरे स्थान पर रही। ऐसे में टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत होगी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया की इंग्लैंड से भिड़त होगी।

    वानखेड़े स्टेडियम खेला जाएगा दूसरा सेमीफाइनल

    टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च, 2026 को कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च, 2026 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च, 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

    West Indies Score: 195/4 (20) 

    India Score: 199/5 (19.2)