• इंडिया अलायंस में शामिल होंगे राजनीति के नए स्टार विजय? न्योते पर क्या बोले..

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने बंपर जीत हासिल की है.अब उनके इंडिया गठबंधन में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने  कहा कि विजय..

    चेन्नई, 5  मई 2026. तमिलनाडु  की राजनीति में विजय और उनकी पार्टी  टीवीके की धमाकेदार जीत हुई है. पार्टी बहुमत के आंकड़ों से कुछ पीछे रह गई है, लेकिन उनकी यह जीत ऐतिहासिक है. ऐसे में  टीवीके इसके साथ गठबंधन करेगी इसको लेकर कयास तेज हो गए हैं. अब कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने इसका जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में विजय की पार्टी को समर्थन की जरूरत पड़ेगी. इसके लिए वहां पर इंडिया गठबंधन की पार्टियां है. गठबंधन पर बात हो सकती है.

    पत्रकारों से चर्चा करते हुए शशि थरूर ने कांग्रेस द्वारा चुनाव के पहले टीवीके के गठबंधन के ऑफर को ठुकराने पर भी बात की. उन्होंने कहा, "अपने बरसों पुराने सहयोगी (डीएमके) के साथ मजबूती से खड़े रहने में कोई शर्म नहीं है. अब जबकि चुनावी नतीजे आ चुके हैं, तो जब सरकार बनाने पर बात आएगी, तो समर्थन को लेकर बातचीत की जाएगी. अभी तक टीवीके को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है. ऐसे में उन्हें समर्थन की जरूरत पड़ेगी. वहां पर इंडिया ब्लॉक की पार्टियां हैं. कांग्रेस को पांच सीटें मिली है. आईयूएमएल को 2, और सीपीआई को 2. हमारे पास सीटें हैं, जिसके आधार पर बात हो सकती है. "

    विजय कांग्रेस को दे चुके हैं गठबंधन का प्रस्ताव अभिनेता से नेता बने विजय और उनकी पार्टी ने गठबंधन के लिए पहले ही स्थिति को साफ कर दिया था. उन्होंने डीएमके, एआईएडीएमके और बीजेपी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन कांग्रेस ने नई नवेली  टीवीके की जगह अपने पुराने इंडिया गठबंधन के साथी डीएमके  को चुना. सही एग्जिट पोल्स भी कांग्रेस के इस फैसले को सही बता रहे थे, लेकिन अब असली नतीजों ने स्थिति को और साफ कर दिया है.

    विजय और टीवीके को मिलेगा इंडिया गठबंधन में शामिल होने का मौका

    पांच प्रदेशों में चुनावी परिणाम आने के बाद केंद्रीय सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी गठबंधन इंडिया को मजबूती मिलती दिख रही है. हालांकि, इंडिया गठबंधन के पुराने साथी डीएमके और टीएमसी को करारी हार मिली है, लेकिन कुछ नए चेहरे भी सामने आए हैं. शशि थरूर ने इस स्थिति पर बात करते हुए कहा, " केरल की जीत के बाद कांग्रेस को एक नया बूस्ट मिला है. यह हमें पंजाब समेत कई क्षेत्रों में आगे ले जाएगा. हालांकि, बंगाल और असम की जीत के बाद बीजेपी का आत्मविश्वास भी बड़ा हुआ है. टीवीके की बात करें तो उन्हें इंडिया गठबंधन का मौका मिल सकता है. उन्हें बाहर नहीं किया जा रहा है. लेकिन अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगा. ऐसा लगता है कि यह समय सरकार और विपक्ष दोनों के लिए ही उत्साही रहा है.