हिंदी के उम्दा साहित्यकारों की याद में साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ खास रिपोर्ट:-हैदराबाद, 26 अप्रैल 2026. यहां के सुल्तान बाजार स्थित आर्य कन्या विद्यालय में शनिवार शाम वीणा वादिनी साहित्यिक समिति, हैदराबाद के तत्वावधान में साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन देश के उम्दा हिंदी साहित्यकारों - अयोध्या सिंह उपाध्याय, माखनलाल चतुर्वेदी, सच्चिदानंद हीरानंद वात्साययन अज्ञेय, फणीश्वर नाथ रेणु एवं कवि मलयज की स्मृति में किया.
समिति के अध्यक्ष श्रुतिकांत भारती की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सिटी कॉलेज हैदराबाद के हिंदी विभागीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार प्रमुख मौजूद थे. इस दौरान साहित्यिक समिति के परामर्शदाता प्रदीप जाजू व भक्तराम ने शाल ओढ़ाकर एवं पुस्तक भेंटकर उनका सम्मान किया. वहीं समिति के अध्यक्ष ने मौजूद गणमान्य लोगों से मुख्य अतिथि का परिचय कराया. हालांकि, कार्यक्रम के प्रारंभ में विशिष्ट कवि पुरुषोत्तम कड़ेल द्वारा प्रस्तुत की गई सरस्वती वंदना को लोगों ने खूब सराहा.
इस अवसर पर कार्यक्रम में सभी मौजूद विद्वानों ने हिंदी के इन महान साहित्यकारों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला और उनकी रचनाओं का पठन किया. कार्यक्रम के दौरान कवि ठाकुर दिनेश सिंह, पुरुषोत्तम कडेल, सुचित्रा सीमा, सत्यनारायण काकड़ा, हर्षलता विद्या दवे, डॉ. मुमताज सुल्ताना, उमा तिवारी, सतीश जाजू, राजू जाजू एवं अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे. इस मौके पर मुख्य अतिथि ने सभी उम्दा विद्वान साहित्यकारों से संबंधित अनेक रोचक विचार प्रस्तुत किए. आयोजित कार्यक्रम का सफल मंच संचालन विशिष्ट साहित्यकार एवं समिति के सचिव सुधा ठाकुर ने किया.