• महासमुंद: खल्लारी माता मंदिर में रोपवे टूटने से एक महिला की मौत, 7 घायल, सीएम ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

    छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल खल्लारी माता मंदिर में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का रोपवे टूट गया। इस हादसे में रायपुर निवासी एक महिला की मौत हो गई है, जबकि 7 अन्य लोग घायल हुए हैं।

    महासमुंद, 22 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला स्थित प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल खल्लारी माता मंदिर में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा रोपवे टूट गया। इस हादसे में रायपुर निवासी एक महिला की मौत हो गई है, जबकि 7 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के समय दोनों ओर के रोपवे में कुल 17 लोग सवार थे। खल्लारी माता मंदिर महासमुंद से करीब 25 किमी की दूरी पर पहाड़ी पर स्थित है।

    20 फीट की ऊंचाई से गिरा ट्राली

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 4 हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित माता के मंदिर से दर्शन कर श्रद्धालु नीचे लौट रहे थे। जमीन से करीब 20 से 30 फीट की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अचानक रोपवे का तार टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में रायपुर की आयुषी सातकर (28 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय लौटने वाले रोपवे में 7 लोग सवार थे, जबकि ऊपर जा रहे दूसरे रोपवे में 10 श्रद्धालु मौजूद थे। घायलों में 4 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

    घटना में मृत और घायलों की सूची

    आयुषी सातकर (रायपुर) - मृत
    ऋषभ धावरे (रायपुर) - घायल
    छायांश धावरे (रायपुर) - घायल
    गोविंद स्वामी (महासमुंद) - घायल
    नमिता स्वामी (महासमुंद) - घायल
    कुश्मिता स्वामी (महासमुंद) - घायल
    मांशवी गोडारिया (महासमुंद) - घायल

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

    खल्लारी माता मंदिर के पहाड़ी पर हुए रोपवे हादसा मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि, यह बहुत ही दर्दनाक घटना है। दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा। जो भी मामले में दोषी पाए जाएंगे उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    रखरखाव पर उठे गंभीर सवाल

    इस हादसे ने रोपवे के मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस रोपवे का संचालन डिजर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि, क्या समय पर सुरक्षा ऑडिट और मशीनी जांच की गई थी।

    कलेक्टर दिल्ली में, वहीं से दिए निर्देश

    हादसे की जानकारी मिलते ही खल्लारी पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वर्तमान में नीति आयोग की बैठक के लिए दिल्ली प्रवास पर मौजूद महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिल्ली से ही अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करना है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। मेंटेनेंस में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम बागबाहरा नमिता मारकोले ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी घायलों को सहायता पहुंचाई जा रही है।