केरल में मानसून का दस्तक, अब पहले किस राज्य में बरसेगा, यूपी-बिहार तक कैसे बढ़ेगा, कितना वक्त लगेगा?
केरल को मानसून का गेटवे कहा जाता है. दरअसल हिंद महासागर से सीधे टकराने वाली दक्षिण पश्चिमी हवाएं ही अपने साथ मानसून लाती हैं. केरल इनका पहला पड़ाव है. यहां से मानसून आगे बढ़ेगा.
तिरुअनंतपुरम, 4 जून 2026। केरल में मानसून दस्तक दे चुका है. 6 जून को यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग की ओर से किए गए इस ऐलान के बाद से उत्तर भारत के लोगों के चेहरे खिल गए हैं. यहां जून के आखिर तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद है.
भारत के केरल को मानसून का गेटवे कहा जाता है. दरअसल हिंद महासागर से सीधे टकराने वाली दक्षिण पश्चिमी हवाएं ही अपने साथ मानसून लाती हैं. केरल इनका पहला पड़ाव है. यहां से इसकी दो शाखाएं बन जाती हैं. इनमें एक अरब सागर के ऊपर और दूसरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर से. ये हवाएं धीरे-धीरे उत्तर और पूर्व की ओर बढ़ते हुए पूरे देश में पहुंचती है और अपने साथ मानसून लेकर जाती हैं. हालांकि इस प्रक्रिया में एक से डेढ़ माह तक लग जाता है.
केरल से उत्तर भारत तक आने में कितना समय लेगा मानसून?
मानसून का उत्तर भारत तक पहुंचना पूरी तरह वायमुंडल के दबाव, समुद्री शक्तियां और हवा पर निर्भर करता है. दरअसल जब उत्तर में ज्यादा गर्मी पड़ती है तो वायुदाब कम हो जाता है. ऐसे में समुद्र की ठंडी और नम हवाएं इस ओर खिंची चली आती है. इस प्रक्रिया में एक से डेढ़ माह तक लग सकता है. अगर हवा की रफ्तार तेज है तो यह 20 से 25 दिन में भी मानसून उत्तर तक पहुंच सकता है. इसके अलावा इंटर ट्रॉपिकल कन्वरजेंस जोन भी इसमें अहम होता है. यह एक काल्पनिक पट्टी है जहां उत्तरी और दक्षिणी हवाएं आपस में मिलती हैं. गर्मियों में यह उत्तर की ओर खिसक जाती है और मानसून की हवा इसके पीछे चलती है.
किस राज्य में कब तक दस्तक देगा मानसून
केरल में मानसून दस्तक दे रहा है, यहां से ये आगे बढ़ेगा. जून के आखिरी सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरे भारत को कवर कर लेगा.
● 8 से 10 जून तक यह कर्नाटक और तमिलनाडु तक पहुंचेगा. मंगलुरु, बेंगलुरु और तटीय कर्नाटक सबसे पहले भीगते हैं.
● जून के मध्य में यह आंध्र प्रदेश और तेलंगाना तक दस्तक देगा. इसी बीच ये गोवा और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का कारण बनेगा.
● आंध्रप्रदेश-तेलंगाना से मानसून छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल पहुंचेगा जून के मध्य तक ही इसके पहुंचने की संभावना है.
● जून के तीसरे और चौथे सप्ताह के बीच मानसून झारखंड और बिहार तक पहुंच जाएगा. यहां से पूर्वी यूपी में दस्तक देगा.
● यूपी और मध्य प्रदेश में जून के आखिरी सप्ताह में मानसून दस्तक देगा. इसके बाद जून आखिर या जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली एनसीआर पहुंचेगा.
● पंजाब हरियाणा, राजस्थान में भी जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसूनी बादल पहुंच जाएंगे और अगले कुछ दिनों में हिमाचल और कश्मीर को भी जद में ले लेंगे.
हालांकि यह पूरी तरह हवा के दाब पर निर्भर करता है, पिछले साल 24 मई को ही मानसून ने केरल में दस्तक दी थी. IMD के मुताबिक उसी दिन ये मिजोरम भी पहुंच गया था.