• एमपी, महाराष्ट्र, यूपी और गुजरात... एक अफवाह और पेट्रोल पंपों पर टूट पड़े लोग

    इजरायल - अमेरिका और ईरान युद्ध के बीच देश में पेट्रोल - डीजल की कमी की   अफवाह से हड़कंप मच गया. कई राज्यों में पंपों पर लंबी कतारें लगी दिखाई दी. हालांकि, सरकार ने पर्याप्त स्टॉक होने की बात कहकर अफवाहों से बचने की अपील की है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  यह विशेष रिपोर्ट:-

    मुंबई/ भोपाल/ जयपुर/ लखनऊ/ अहमदाबाद, 26 मार्च 2026. इजरायल - अमेरिका और ईरान युद्ध के चलते गंभीर ऊर्जा संकट खड़ा हो गया है. देश में भी इसका असर  दिखाई दे रहा है. युद्ध शुरू होने के कुछ समय बाद पहले एलपीजी की किल्लत  देखने को मिली. सिलेंडर लिए लोग लाइनों में लगे दिखाई दिए. सिलेंडर पाने के लिए लोगों में झगड़ा- लड़ाई और मारपीट तक हो गई. वहीं 24 मार्च से पेट्रोल - डीजल को लेकर भी अफवाह फैली, इसके बाद पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी-लंबी लाईनें दिखाई देने लगी. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो भी वायरल होने लगे. भीड़ को देखते हुए कई जगहों पर पंप को ही बंद कर दिया गया. अफवाहों को देखते हुए  सरकार की तरफ से बयान आया कि पेट्रोल - डीजल को लेकर घबराने की बात नहीं है. इसका पर्याप्त स्टॉक  है.

    महाराष्ट्र का हाल क्या है?

    पेट्रोल - डीजल के लिए पंपों पर लगी भीड़ का हाल सिर्फ एक राज्य का नहीं है, बल्कि कई राज्यों में यह देखने को मिला, जिसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान शामिल है. सबसे पहले बात महाराष्ट्र की करें तो यहां अमरावती जिले में पेट्रोल डीजल की किल्लत  गहराती नजर आ रही है. शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल - डीजल की बिक्री  पूरी तरह बंद कर दी गई है. पंपों पर  'पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं', के बोर्ड लगाए गए हैं, जिसके चलते  वाहन चालक मायूस लौटने को मजबूर हैं. वहीं जिन पेट्रोल पंपों पर मिल रहा है, वहां भारी भीड़ लगी हुई है.

    एमपी में  पेट्रोल पंपों पर  दिखाई दी  भीड़ 

    सबसे बुरा हाल तो मध्य प्रदेश में देखने को मिली. यहां आगर मालवा, इंदौर, मंदसौर, उज्जैन और भोपाल सहित अन्य जिलों में मंगलवार रात से एकाएक पेट्रोल पंपों पर  भीड़ बढ़ गई. देखते ही देखते एक से दो किमी की लंबी लाइन लग गई. लोग ड्रम, केन, बोतल और कुप्पीयों में पेट्रोल - डीजल भरकर ले जाने लगे, जिससे कुछ पंपों पर पेट्रोल डीजल खत्म हो गया, इसके बाद पंप बंद कर दिए गए. बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी  एक्टिव हुआ और लोगों को अफवाहों से  बचने को कहा. हालांकि, लोगों पर पुलिस का असर  कम ही दिखाई दिया. बुधवार को भी दिनभर पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ी रही.

    गुजरात में क्या बोले लोग?

    वहीं बात करें गुजरात की तो यहां भी अफवाहों का बाजार गर्म रहा. अहमदाबाद से शुरू हुई अफवाह देखते - देखते बड़ोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट सहित अन्य जिलों तक फैल गई. लोग पेट्रोल पंपों पर ऐसे टूट पड़े  जैसे पानी के टैंकर से पानी लेने के लिए.

    यूपी के इन दो जिलों में दिखी भीड़ 

    यूपी के कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखी गई. सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज और श्रीवस्ती के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ दिखाई दी.

    राजस्थान का क्या हाल?

    राजस्थान में भी पेट्रोल पंप बंद होने की अफवाह ने हडकंप मचा दिया. बीकानेर, उदयपुर, जालौर, आबू रोड  और सलूंबर सहित कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और लोग इधर से उधर भटकते रहे.