बंगाल चुनाव में क्या होने वाला है उलटफेर, ममता की टीएमसी और बीजेपी में किसको कितनी सीटों का अनुमान
वोटवाइब द्वारा किए गए चुनाव पूर्व सर्वेक्षण में अनुमान लगाया गया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में लगातार चौथी बार सत्ता पर काबिज हो सकती है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
नई दिल्ली/ कोलकाता, 26 मार्च 2026. पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा होने के बाद इन सभी राज्यों में सर्वाधिक चर्चा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर है. क्या ममता बनर्जी की टीएमसी सत्ता में वापसी करेगी या इस बार बीजेपी सरकार बनाएगी, इसको लेकर चर्चा और कयास दोनों जारी है. मतदान से पहले चुनाव पूर्व सर्वेक्षण में अनुमान लगाया जा रहा है कि आखिर पश्चिम बंगाल में क्या होने वाला है. आइए जानते हैं ताजा चुनाव पूर्व सर्वेक्षण के नतीजों के बारे में. इस सर्वेक्षण में अनुमान लगाया जा रहा है कि एक बार फिर बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस वापसी करने वाली है.
वोटवाइब द्वारा किया गया सर्वे का अनुमान
यह सर्वे वोटवाइब ने किया है. इसमें अनुमान लगाया गया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में लगातार चौथी बार सत्ता में आ सकती है. इस सर्वे में टीएमसी को पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 184 से 194 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ज्यादा है.
बीजेपी को कितनी सीटें?
राज्य में बीजेपी को 98 से 108 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि छोटी और क्षेत्रीय पार्टियों की मौजूदगी सीमित रहने की उम्मीद है.
वोट शेयर, किस पार्टी का कितना
सर्वेक्षण में टीएमसी को वोट शेयर में भी बढ़त मिली है, जिसमें 41.9% लोगों ने सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थन में अपनी राय दी है. वहीं, बीजेपी को 34.9% लोगों ने पसंद किया है. अधिकतर लोग सर्वे में मौजूदा टीएमसी विधायकों के पक्ष में राय व्यक्त की है. 36.5% लोगों ने कहा है कि वे मौजूदा टीएमसी विधायकों को फिर से वोट देने के इच्छुक हैं.
कब है चुनाव पश्चिम बंगाल में
कुल 294 विधानसभा सीटों के लिए पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव होंगे, जो पिछले विधानसभा चुनावों में हुए 8 चरणों के लंबे चुनाव की तुलना में एक महत्वपूर्ण कमी है. राज्य की सभी विधानसभा सीटों के नतीजे 4 मई को सामने आएंगे. दरअसल, पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी में सीधी टक्कर है. हालांकि, कांग्रेस और वामपंथी दल अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं.