• 'मुख मुरली बजाए, छोटे से श्याम कन्हैया..,  होली मिलन समारोह में झूम उठे मुख्यमंत्री

    रायपुर, 18 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को राजधानी रायपुर के शहनाई गार्डन में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। विधायक अनुज शर्मा के कला-जत्था की टीम ने फाग गीतों की प्रस्तुति से होली मिलन समारोह को रंगीन बना दिया। मुख मुरली बजाय छोटों से श्याम कन्हैया, का तै मोला मोहनी डार दिए ना और अन्य फाग गीतों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साव और डिप्टी सीएम अरुण साव समेत अन्य अतिथिगण झूम उठे।

    मुख्यमंत्री साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है। यह पर्व आपसी मनमुटाव को भुलाकर रिश्तों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें इस अवसर पर अपने भीतर की नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता को अपनाना चाहिए।

    उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने   कहा कि होली का त्योहार परिवार और समाज के साथ मिलकर आनंद और अपनत्व के साथ मनाने की परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को और मजबूत बनाते हैं।

    इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, प्रदेशाध्यक्ष भाजपा किरण देव, विधायक मोतीलाल साहू तथा अनुज शर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, धमतरी महापौर रामू रोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा युवामोर्चा के कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।