पांडातराई से फास्टरपुर मार्ग का होगा कायाकल्प, बिलासपुर पहुंचने में लगेगा कम समय
अब पांडातराई से पंडरिया- मुंगेली और बिलासपुर जाने वालों को सुगम यातायात की सौगात मिलने जा रही है। पीडब्ल्यूडी ने कबीरधाम जिले के पांडातराई से लेकर मुंगेली जिले के फास्टरपुर तक चौड़ी सड़क की स्वीकृति दी है। पांडातराई से फास्टरपुर तक 26.2 किमी लंबी सड़क 33 करोड़ की लागत से बनाई जाएगी।
कवर्धा, 9 मार्च 2026. कबीरधाम जिले के पांडातराई नगर पंचायत क्षेत्र से लेकर फास्टरपुर तक चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने कबीरधाम जिले के पांडातराई से मुंगेली जिले के फास्टरपुर मार्ग के निर्माण के लिए 33 करोड़ 8 लाख 47 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से 26.20 किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया है।
इस प्रस्तावित सड़क के निर्माण से पांडातराई से पंडरिया, मुंगेली, तखतपुर और बिलासपुर जाने वालों को एक तो काफी सुविधा होगी, वहीं समय भी बचेगा। पांडातराई निवासी अक्षय तंबोली ने इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति जारी होने पर खुशी जाहिर की और 'आज की आवाज़' से चर्चा करते हुए बताया कि अभी खराब सड़क की वजह से पांडातराई से बिलासपुर जाने में 3 घंटा लगता है। फास्टरपुर से मुंगेली- बिलासपुर की ओर सड़क बन रही है। पांडातराई से फास्टरपुर सड़क भी बन जाने से समय काफी कम लगेगा।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाना सुनिश्चित कराने को कहा है।