• कवर्धा सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक की मौत, दो बाइक की आमने-सामने से हुई थी भिड़ंत

    मिली जानकारी के अनुसार लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव की ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने ईलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया है वहीं 2 अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

    कवर्धा, 21 मई 2026। कवर्धा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। मामला लोहारा थाना क्षेत्र का है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी।

    जानकारी के मुताबिक आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वे साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी जानकारी जुटाने ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत सीमा के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

    हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार युवक को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आरक्षक रुपेश राजपूत को रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया था। तीन दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार को आरक्षक रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

    लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि दो दिन पहले दो बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें एक पुलिस जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।