सनकी प्रेमी ने की पंजाबी गायिका इंदर कौर की हत्या, कनाडा से आया था मर्डर करने
पंजाबी गायिका इंदरजीत कौर हत्याकांड ने पूरे पंजाब को झकझोर दिया है. शादी से इनकार करने पर प्रेमी सुखविंदर सिंह ने कथित तौर पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी. गायिका इंदर कौर का मृत शरीर 6 दिन बाद नहर से मिला है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह सनसनीखेज रिपोर्ट :-
लुधियाना, 21 मई 2026. पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की उभरती हुई गायिका इंदरजीत कौर की हत्या ने पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है. 29 वर्षीय गायिका का मृतक शरीर पास के ही नीलों नहर से बरामद किया गया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इंदर कौर की हत्या उसके प्रेमी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा ने की. आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रात को कनाडा भाग गया. परिवार का आरोप है कि सुखविंदर सिंह ने खुद को अविवाहित बताया था. लेकिन बाद में इंदरजीत कौर को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. इसके बाद पंजाबी सिंगर इंदर कौर उससे शादी करने से इनकार कर दिया था.
घर से सामान लेने निकली थी इंदर कौर
जानकारी के मुताबिक, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपने घर से फोर्ड फिगो कार में किराने का सामान लेने निकली थी. काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला. इसके बाद उनके भाई ज्योतिंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में इंदर कौर को उनके प्रेमी सुखविंदर सिंह और उसके साथियों द्वारा पिस्टल के नोक पर अगवा करते देखा गया. बाद में पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही.
नहर से मिला मृत शरीर, कार में मिले खून के निशान
करीब 6 दिन बाद मंगलवार को पुलिस को खन्ना के गांव कुबा के समीप नीलों नहर से इंदर कौर का मृतक शरीर बरामद हुआ. शव मिलने के बाद लगभग एक किमी दूर उनकी कार भी नहर से बरामद की गई, जिसमें खून के धब्बे पाए गए. पुलिस को आशंका है कि इंदर कौर की हत्या कर के अंदर ही गोली मारकर की गई थी.
परिजनों के मुताबिक, सुखविंदर सिंह लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था. पुलिस का मानना है कि इसी वजह से आरोपी ने हत्या की साजिश रची. थाना प्रभारी लवीर सिंह के मुताबिक, इंदर कौर और सुखविंदर सिंह बीते कई वर्षों से रिश्ते में थे. दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी.
कनाडा से पंजाब आया हत्या करने प्रेमी
जांच में सामने आया है कि सुखविंदर सिंह 29 अप्रैल को कनाडा से नेपाल के काठमांडू पहुंचा था और फिर वहां से भारत आया. पुलिस के मुताबिक, वह पहले से ही गायिका इंदर कौर की हत्या की योजना बनाकर आया था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रात चंपत हो गया. बताया जा रहा है कि उसने पहले से कनाडा लौटने की फ्लाइट टिकट भी बुक कर रखी थी. पुलिस ने इस बीच आरोपी के पिता प्रीतम सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है.
पुलिस ने बताया कौन थी इंदरजीत कौर
पुलिस अधीक्षक लुधियाना इंदरजीत सिंह ने बताया कि सुखविंदर सिंह के पास दो लाइसेंसी हथियार मौजूद हैं. पुलिस को शक है कि गायिका की हत्या इन्हीं हथियारों में से किसी एक से की गई है. फिलहाल हथियारों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करवाई शुरू कर दी गई है.
लुधियाना के मुंडियां कलां इलाके की रहने वाली पंजाबी गायिका इंदरजीत कौर पंजाबी संगीत जगत में तेजी से पहचान बना रही थी. वह सिंगिंग के साथ-साथ बाटिका का कारोबार भी चलाती थी. उन्होंने 40 से अधिक पंजाबी गानों में अपनी आवाज दी थी और कई पंजाबी फिल्मों में भी उनके गीत शामिल रहे हैं.