देश की सबसे पुरानी न्यूज़ एजेंसी UNI पर पुलिस का छापा; खाली कराया गया न्यूज़रुम
दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी मौजूदगी में पत्रकारों को निकाला बाहर, ठप हुआ खबरों का प्रेषण।
नयी दिल्ली, 22 मार्च 2026। देश की सबसे पुरानी न्यूज़ एजेंसी पर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के प्रतिष्ठित 09 रफी मार्ग स्थित समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) के परिसर को दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के भारी अमले ने बिना किसी पूर्व नोटिस के जबरन खाली करा लिया। दशकों से संचालित इस ऐतिहासिक संस्थान में हुई इस अचानक कार्रवाई से देश-दुनिया में एजेंसी की सेवाएं भी पूरी तरह ठप हो गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और वहां मौजूद पत्रकारों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम करीब 300 जवानों, उच्च अधिकारियों और कुछ वकीलों के साथ सरकारी दस्ता अचानक परिसर में दाखिल हुआ। उस समय न्यूजरूम में खबरों के प्रेषण का काम चरम पर था। अधिकारियों ने पत्रकारों और कर्मचारियों पर तुरंत सीटें छोड़ने का दबाव बनाया। जब प्रबंधन और पत्रकारों ने लिखित आदेश या बेदखली का नोटिस मांगा, तो अधिकारियों ने कथित तौर पर बल प्रयोग की धमकी दी।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली उच्च न्यायालय ने शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जमीन आवंटन रद्द करने के फैसले को उचित ठहराया था, लेकिन इस आदेश की प्रति मिलने या प्रबंधन को संभलने का मौका दिए बिना ही यह कार्रवाई कर दी गई। आरोप है कि महिला कर्मचारियों सहित कई पत्रकारों को उनकी सीटों से जबरन घसीटकर और धक्का देकर बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मुख्य गेट पर कब्जा कर लिया, जिससे फील्ड में गए पत्रकार अपना व्यक्तिगत सामान और मोबाइल तक वापस नहीं ले पाए। इस कार्रवाई से यूएनआई की अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू सेवाओं के 500 से अधिक ग्राहकों को खबरों का प्रेषण रुक गया है, जिससे सैकड़ों कर्मचारियों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।