राजधानी एक्सप्रेस में आग के बाद रेल यातायात प्रभावित, दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को रोका गया
इस आगजनी की घटना में कई यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया. वहीं एक महिला यात्री को मामूली चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया. राहत की बात यह रही कि इस रेल हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
नई दिल्ली, 17 मई 2026.त्रिवेंद्रम - हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस 12431में आग लगने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बहाली का काम तेज कर दिया है. हादसे में जले हुए डब्बों को कोटा डिवीजन के लूणी रिच्छा रेल स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया है. जबकि ट्रेन में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित रूप से अलग-अलग कोच में शिफ्ट किया गया. यात्रियों की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच की व्यवस्था भी की गई.
यात्रियों का सामान जलकर खाक
घटना में कई यात्रियों का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. सिर्फ एक महिला यात्री को मामूली चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया.
दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को रोका गया
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई जाने वाला रेल मार्ग फिर से शुरू कर दिया गया है, जबकि दिल्ली की ओर जाने वाला रेलवे ट्रैक अभी भी बंद है. इसके चलते दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया गया है. जबकि रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर मरम्मत और जांच कार्य में जुटी हुई है.
कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया था
रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लूणी - विक्रमगढ़ के बीच त्रिवेंद्रम -- हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस संख्या 12431 के थर्ड एसी कोच बी -1 में भयंकर आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते थर्ड एसी और एसएलआर कोच आग की लपटों में घिर गए. दूर तक आसमान में उठती लपटें दिखाई देने लगी, जिससे इलाके में भी हड़कंप मच गया.
दोनों कोच जलकर खाक
आग लगने की सूचना गार्ड ने लोको पायलट को दी. इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया और यात्रियों को बाहर निकाल गया. ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ और दूसरे लोगों ने तुरंत कोच यात्रियों की डि - बोर्डिंग शुरू की. करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया. फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि दोनों कोच जलकर पूरी तरह खाक हो गया.