RR vs KKR IPL : आईपीएल 2026 में केकेआर का खुला खाता, राजस्थान को 4 विकेट से हराया
Rajasthan Royals vs Kolkata Knight Riders: रिंकू सिंह की विस्फोटक पारी से केकेआर ने आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत हासिल कर ली है। राजस्थान को केकेआर ने 4 विकेट से हराया।
कोलकाता, 19 अप्रैल 2026। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स को पहली जीत मिल गई है। सीजन के अपने 7वें मैच में केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराया। ईडन गार्डन्स में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। केकेआर ने आखिरी ओवर में मैच को अपने नाम किया। टीम के लिए रिंकू सिंह जीत के हीरो रहे। उन्होंने 34 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स की 6 मैचों में दूसरी हार है।
रॉयल्स के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की टीम 14वें ओवर में 85 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन रिंकू (नाबाद 53 रन, 34 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और अनकूल रॉय (नाबाद 29, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के बीच सातवें विकेट की 37 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही। सात मैच में पहली जीत दर्ज करने के बाद नाइट राइडर्स की टीम तीन अंक के साथ 10 टीम की तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। लगातार दूसरी हार के बाद रॉयल्स की टीम छह मैच में आठ अंक के तीसरे स्थान पर है।
राजस्थान रॉयल्स ने ईडन गार्डन्स में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से वैभव सूर्यवंशी ने 46 जबकि यशस्वी जायसवाल ने 39 रन बनाए। नाइट राइडर्स की तरफ से वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी ने तीन-तीन, जबकि सुनील नारायण ने दो विकेट चटकाए। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को शुरुआती दो ओवर में दो झटके लगे हैं। सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट और अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए हैं। कैमरन ग्रीन ने 13 गेंद में 27 रन बनाए। रघुवंशी 10 रन ही बना सके। रोवमैन पॉवेल 20 गेंद में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नाइट राइडर्स को अंतिम पांच ओवर में 59 रन की दरकार थी। रिंकू और अनुकूल रॉय ने बिश्नोई पर छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया और 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
रिंकू ने अगले ओवर में आर्चर पर दो चौकों के साथ गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया।नाइट राइडर्स को अंतिम दो ओवर में 21 रन की जरूरत थी। अनुकूल ने आर्चर पर छक्के के साथ नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी किया जबकि रिंकू ने ब्रिजेश शर्मा पर दो चौके और एक छक्के के साथ टीम को जीत दिला दी और अर्धशतक भी पूरा किया।
सूर्यवंशी-जायसवाल ने दिलाई दमदार शुरुआत
सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावर प्ले में 63 रन जोड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने वैभव अरोड़ा पर पारी का पहला चौका जड़ा जबकि सूर्यवंशी ने त्यागी पर दो और अरोड़ा पर तीन चौके मारे। सूर्यवंशी ने नारायण और कैमरन ग्रीन पर छक्का भी जड़ा। जायसवाल ने भी ग्रीन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।
नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इसके बाद गेंद चक्रवर्ती को थमाई और उनके पहले ही ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यवंशी गेंद को हवा में लहरा गए और रमनदीप सिंह ने अच्छा कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। चक्रवर्ती ने अपने अगले ओवर में ध्रुव जुरेल (05) को भी विकेटकीपर टिम सीफर्ट के हाथों स्टंप कराया।
जायसवाल भी नारायण की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर रहाणे को कैच दे बैठे जिससे रॉयल्स का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन हो गया। रॉयल्स के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ। कप्तान रियान पराग (12) भी चक्रवर्ती की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हुए जबकि डोनोवन फरेरा (07) ने नारायण को उनकी गेंद पर वापस कैच थमाया। रविंद्र जडेजा सिर्फ नौ रन बनाने के बाद 19वें ओवर में त्यागी का शिकार बने जबकि इसी ओवर में शिमरोन हेटमायर (15) और रवि बिश्नोई (00) भी पवेलियन लौटे।
RR Score: 155/9 (20)
KKR Score: 161/6 (19.4)
कोलकाता-राजस्थान प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती