सम्राट चौधरी ने ली शपथ, बने बिहार के 24वें सीएम, बिहार में अब बीजेपी बड़े भाई की भूमिका में
Samrat Choudhary : बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार की सुबह बिना तामझाम के लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। उन्हें राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बिहार के मुख्यमंत्री (Bihar Chief Minister) पद की शपथ दिलाई। इस दौरान पूर्व सीएम नीतीश कुमार खुद भी लोकभवन में मौजूद थे।
पटना, 15 अप्रैल 2026। सम्राट चौधरी ने बुधवार की सुबह बिना तामझाम के लोकभवन, पटना में एक सादे समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। इस तरह से वो बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने शपथ ग्रहण से पहले बेली रोड पर हनुमान जी के मंदिर में जाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वो लोकभवन गए। लोकभवन पहुंचते ही वो सबसे पहले पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पास गए और उनका आशीर्वाद लिया।
सम्राट चौधरी ने ली बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ
सम्राट चौधरी ने इस दौरान सफेद कुर्ते पायजामे के ऊपर नीले रंग की बंडी पहन रखी थी। उसके ऊपर उन्होंने केसरिया गमछा रख रखा था। लोकभवन में उन्हें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पहले लोकभवन में कार्यक्रम की शुरुआत भारत के राष्ट्रगीत वंदे मातरम से हुई। इस दौरान बिहार में NDA के सारे विधायक और MLC मौजूद थे। वहीं राज्यसभा चुनाव में वोटिंग से गैरहाजिर रहने वाले कांग्रेस के विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण में शामिल हुए।
परिवार के सारे लोग भी पहुंचे लोकभवन
सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी और उनका पूरा परिवार भी सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण का गवाह बनने के लिए लोकभवन में मौजूद थे। आपको बता दें कि 2025 में सम्राट चौधरी ने मुंगेर के तारापुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था और भारी मतों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2025 में वो बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाए गए थे। फिर नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा में भी सम्राट चौधरी के सीएम बनने को लेकर कई बार इशारा दिया था।
ऐसे चुने गए सम्राट बिहार के सीएम
बिहार में जब ये तय हो गया कि अब मुख्यमंत्री बीजेपी से होंगे, तो बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाकर पटना भेजा। यहां बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और विधानमंडल दल के सभी सदस्यों ने उनके नाम का समर्थन कर दिया। इसके बाद मंगलवार को NDA विधायक दल की बैठक में सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें विधानमंडल दल का नेता घोषित कर उनके सीएम बनने पर मुहर लगा दी।