• सूत्रधार साहित्यिक संस्था ने तेलंगाना स्थापना दिवस पर छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:- हैदराबाद, 6 जून 2026. सूत्रधार साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था, हैदराबाद द्वारा संस्था के सप्तम स्थापना दिवस एवं तेलंगाना दिवस के मौके पर सुल्तान बाजार स्थित आर्य कन्या विद्यालय के समीप प्राकृतिक वातावरण में घने वृक्ष की छाया तले "छाछ वितरण" कार्यक्रम आयोजित किया. इस आशय की जानकारी संस्थापिका सरिता सुराणा ने 'आज की आवाज' को दी है. कार्यक्रम के दौरान सूत्रधार संस्था की सचिव आर्या झा, संगठन सचिव खुशबू सुराणा, कार्य समिति के सदस्य सुहास भटनागर, अमित झा एवं के. राजन्ना ने अपनी गरिमामयी मौजूदगी दर्ज कराई.

    इस मौके पर आर्य कन्या विद्यालय के व्यवस्थापक प्रदीप जाजू और एम प्रताप रूद्र के साथ ही हिंदी सलाहकार समिति, कोयला मंत्रालय के सदस्य एवं वीणा वादिनी साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष श्रुतिकांत भारती, सचिव सुधा ठाकुर, पद्मा टंकसाली ने कार्यक्रम की व्यवस्था एवं छाछ वितरण कार्य में अपना अप्रतिम सहयोग प्रदान किया. इस अवसर पर करीब 900 पैकेट छाछ वितरित की गई. दरअसल, सूत्रधार संस्था के पांच महत्वपूर्ण उद्देश्यों में से एक समाज सेवा के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया. जो बहुत ही उत्साह पूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.