झारखंड के बहरागोड़ा में डॉ. राम मनोहर लोहिया चैतन्यता व कौशल विकास केंद्र का हुआ शिलान्यास
समाजवाद के प्रणेता तथा महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राममनोहर लोहिया की 116वीं जयंती के अवसर पर सोमवार ( 23 मार्च 2026) को झारखंड के बहरागोड़ा के माटिहाना पंचायत में डॉ राम मनोहर लोहिया चैतन्यता और कौशल विकास केंद्र का विधिवत शीला न्यास किया गया. यह केंद्र युवाओं को स्वावलंबी बनाने और कौशल विकास में मदद करेगा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
बहरागोड़ा / जमशेदपुर, 24 मार्च 2026. बहरागोड़ा क्षेत्र के क्षेत्रीय विकास में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब बहरागोड़ा माटिहाना पंचायत के तहत मौजा में डॉ. राम मनोहर लोहिया चैतन्यता और कौशल विकास केंद्र का विधिवत भव्य शिलान्यास किया गया. यह केंद्र क्षेत्र के युवाओं को स्वावलंबी बनाने और उनके कौशल विकास में मिल का पत्थर साबित होगा.
शिलान्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराई और उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह केंद्र युवाओं को रोजगार के नई अवसरों से जोड़ने और उनके हुनर को तराशने में सहायक होगा. मंत्री यादव ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कौशल विकास का शुभारंभ राष्ट्रभक्तों को नमन करते हुए हमें खुशी होती है.
इस दौरान मौजूद तमाम अतिथियों ने अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और महान समाजवादी चिंतक डॉ राम मनोहर लोहिया को याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि दी. इसके पश्चात, उपस्थित अतिथियों को आयोजक द्वारा अंग वस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया. आयोजित शिलान्यास समारोह में क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार महंती समेत अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद थे.
वक्ताओं ने डॉ. राम मनोहर लोहिया कौशल विकास केंद्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्थान युवाओं को आधुनिक तकनीकों और कौशल से लैस करेगा. इस मौके पर लोहिया विचार मंच, हैदराबाद के अध्यक्ष विशिष्ट समाजवादी विचारक टी. गोपाल सिंह एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन, दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह ने कहा कि यह संस्थान डॉ. लोहिया के विचारों को धरातल पर उतारने का एक सशक्त प्रयास है और यह बन जाने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण के लिए अब बड़े शहरों की ओर नहीं ताकना पड़ेगा.
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट वक्ताओं में पूर्व मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षडंगी, विधायक समीर मोहंती, लोक बंधु राजनारायण ट्रस्ट लखनऊ के संस्थापक अध्यक्ष शाहनवाज अहमद कादरी, समाजवादी विचारक गोविंद अग्रवाल, पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी, डॉ. बिनी षडंगी, पूर्व विधायक कुणाल षडंगी प्रमुख ने भी अपने विचार रखे. दरअसल, डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र के शिलान्यास से बरसोल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से न केवल शिक्षा बल्कि रोजगार के क्षेत्र में भी बहरागोड़ा की एक नई पहचान बनेगी.