TVK's big announcement on Women's Day: महिलाओं को 2500 महीना, शादी में सोना और सिल्क साड़ी देने का वादा..
TVK's big announcement on Women's Day: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता-राजनेता विजय ने महिलाओं के लिए कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया है. उन्होंने हर महीने 2500 रुपये की मदद, शादी में सोना और सिल्क साड़ी देने समेत कई वादे किए हैं.
महाबलीपुरम, 8 मार्च 2026। तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता से नेता बने थालापति विजय ने महिलाओं के लिए कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया है. उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है. ऐसे में विजय ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई वादे किए हैं. महिला दिवस (Women's Day) के मौके पर महाबलीपुरम में आयोजित कार्यक्रम में विजय ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो राज्य की महिलाओं के लिए कई नई योजनाएं लागू की जाएंगी. उनका कहना है कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना उनकी पार्टी की प्राथमिकता होगी.
हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये
थालापति विजय ने घोषणा की है किये पैसा सीधे परिवार की महिला मुखिया के खाते में भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि कई परिवारों में महिलाएं घर चलाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं, लेकिन उनके पास खुद की आय नहीं होती. ऐसे में ये योजना महिलाओं को आर्थिक सहारा देगी और उन्हें अपने फैसले लेने में मदद मिलेगी.
विजय ने ऐलान किया कि तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनने पर राज्य में 60 साल की उम्र तक की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा हर परिवार को साल में 6 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का भी वादा किया गया है. वहीं बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए हर साल मां या अभिभावक को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
विजय ने शादी से जुड़ी एक खास योजना का भी ऐलान किया. इसके तहत शादी करने वाली महिलाओं को सरकार की ओर से 8 ग्राम सोना और एक सिल्क साड़ी दी जाएगी. इस योजना का मकसद गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत देना है. कई परिवारों पर शादी के समय आर्थिक बोझ बढ़ जाता है. विजय का कहना है कि इस योजना से परिवारों को कुछ राहत मिल सकेगी.
मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
महिलाओं के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए विजय ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. इससे महिलाओं को नौकरी, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए आने-जाने में आसानी होगी. कई राज्यों में ऐसी योजनाएं पहले से चल रही हैं और उनका फायदा महिलाओं को मिला है. विजय ने ये भी कहा कि हर परिवार को साल में छह मुफ्त गैस सिलेंडर देने की योजना शुरू की जाएगी. इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई के लिए हर साल 15 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद देने का भी वादा किया गया है. उनका कहना है कि इन योजनाओं से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को काफी राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई भी जारी रह सकेगी.