• नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन, बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर


    'सुशासन बाबू ' के नाम से बिहार की सियासत में मशहूर नीतीश कुमार अब दिल्ली का रुख करने वाले हैं. उन्होंने गुरुवार को पटना में अमित शाह के सामने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-

    पटना, 5 मार्च 2026. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के नेता नितिन नबीन ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने बिहार विधानसभा में सचिव ख्याति सिंह के कक्ष में अपना नामांकन जमा किया. इस दौरान बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे.

    नामांकन से पहले ही नीतीश कुमार ने घोषणा कर दी थी कि वे इस बार राज्यसभा का चुनाव लड़ेंगे. इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनका लंबा कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है. नीतीश कुमार साल 2005 से बिहार की राजनीति में लगातार मुख्यमंत्री के रूप में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि वे बिहार के विकास के लिए हमेशा काम करते रहेंगें।

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर एक पोस्ट में लिखा, 'नीतीश कुमार ने बिहार से राज्यसभा सदस्य का आज नामांकन भरा है. बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है. जनसेवा का आपका व्यापक अनुभव तथा नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाएगी. आपकी गरिमामयी उपस्थिति से NDA के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को और भी मजबूती मिलेगी.'

    नीतीश कुमार ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई. साथ ही उन्होंने बिहार की जनता का धन्यवाद भी किया. नीतीश कुमार ने लिखा, " पिछले दो दशक से भी अधिक समय तक आपने अपना समर्थन और विश्वास मेरे साथ निरंतर बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी ईमानदारी से सेवा की है." सीएम नीतीश ने कहा, " आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी  कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके पहले भी मैं आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है." 

    कांग्रेस नेता मनिक्कम टैगोर ने बिहार में सत्ता के शीर्ष पर हुए परिवर्तन को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इसे एन चंद्रबाबू नायडू, पलानीस्वामी, एकनाथ शिंदे जैसे नेताओं के लिए चेतावनी बताया है.

    'कांग्रेस ने कहा यह जनता के साथ धोखा है'

    बिहार चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पार्टी जो बात अक्सर कहती रही थी, वह अब सच हो गई है. जी-2 की तरफ से लीडरशिप में  बदला और सरकार में बदलाव किया गया है. यह कई तरह से लोगों के   जनादेश के साथ बहुत बड़ा धोखा है. ऐसा वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश का कहना है. जबकि राजद नेता मृत्युंजय तिवारी का कहना है कि "बिहार की राजनीति में कल से अचानक एक बड़ी  उथल-पुथल 
     दिख रही है . किसी को अंदाजा नहीं था कि बीजेपी चुनाव के बाद इतनी जल्दी सीएम पद से नीतीश कुमार को हटा देगी."

    राजद नेता ने कहा, "हमारे नेता तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि बीजेपी, जीडीयू  को खत्म कर देगी और नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी से हटा देगी. जेडीयू  के बहुत से लोग बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जबकि कई चाहते हैं कि नीतीश कुमार ही सीएम बने रहे... यह एक बहुत बड़ा राजनीतिक अपहरण है."