कौन हैं तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन के दामाद? जो पहले थे.., अब सुर्खियों में..
तिरुनेलवेली के रहने वाले 49 वर्षीय सबरीसन को राजनीति का पहले कोई अनुभव नहीं था। वे गतिविधियों में तभी शामिल होना शुरू हुए जब उन्होंने स्टालिन की बेटी सेंथमराई से 'प्रेम विवाह' किया।
चेन्नेई, 5 अप्रैल 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के दामाद सबरीसन वेदामूर्ति अब तक द्रविड़ राजनीति में पर्दे के पीछे रहकर रणनीति बनाने के लिए जाने जाते थे। वो पहली बार सार्वजनिक रूप से चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने चेन्नई की विलिवक्कम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे डीएमके उम्मीदवार कार्तिक मोहन के समर्थन में प्रचार किया। सार्वजनिक मंच पर उनकी मौजूदगी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या वे भविष्य में सक्रिय राजनीति में कदम रख सकते हैं। इस पर सबरीसन ने साफ किया कि उनका फोकस आगे भी पर्दे के पीछे रहकर रणनीतिक भूमिका निभाने पर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि वे केवल अपने मित्र कार्तिक मोहन के पहले चुनावी सफर में सहयोग देने के लिए सामने आए हैं।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव में सबरीसन की रणनीति का बड़ा योगदान
बता दें कि तिरुनेलवेली के रहने वाले 49 वर्षीय सबरीसन का राजनीति में कोई औपचारिक अनुभव नहीं रहा है। उनका राजनीतिक जुड़ाव तब शुरू हुआ जब उन्होंने स्टालिन की बेटी सेंथमरई से प्रेम विवाह किया। इसके बाद वे धीरे-धीरे डीएमके के भीतर एक अहम रणनीतिकार के रूप में उभरे और पार्टी के चुनावी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगे। माना जाता है कि 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में डीएमके की सफलता के पीछे सबरीसन की रणनीति का बड़ा योगदान रहा है।
मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं: सबरीसन
हालांकि सबरीसन ने यह कर दिया है कि उनका चुनाव प्रचार करने या भाषण देने का कोई इरादा नहीं है। उनके पास न तो सरकार में कोई पद है और न ही डीएमके में कोई आधिकारिक जिम्मेदारी। इसके बावजूद, 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले से ही उनकी भूमिका पार्टी के लिए अहम मानी जाती रही है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी यह सार्वजनिक उपस्थिति डीएमके की राजनीति में पर्दे के पीछे की भूमिका से आगे बढ़ने का संकेत है तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सार्थक योगदान देने के लिए हमेशा सुर्खियों में रहना जरूरी नहीं होता और वे वहीं काम करना पसंद करेंगे जहां वे सबसे अधिक प्रभावी हो सकते हैं।