• कहीं एक दिन में 50 विधायक न बदल जाएं... आप के 7 सांसद हुए बीजेपी के, कांग्रेस ने लिए मजे..

    राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की बगावत ने आम आदमी पार्टी को बैकफुट पर धकेल दिया है. 7 राज्यसभा सांसदों के  बीजेपी में जाने को अरविंद केजरीवाल से लेकर तमाम नेताओं और पंजाब के सीएम भगवत मान ने इसे पंजाब से गद्दारी बताया है. बीजेपी के ऑपरेशन के बीच पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने और सनसनीखेज बना दिया है. उन्होंने कहा है कि कहीं ऐसा न हो कि 50 विधायक चले जाएं. पंजाब में आप के पास 94 विधायक हैं. कांग्रेस के पास 16 और बीजेपी के पास दो विधायक हैं. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ  की यह खास रिपोर्ट.. 

    चंडीगढ़, 25 अप्रैल 2026. आम आदमी पार्टी (आप ) के  7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद देश की राजनीति गरमा गई है. पश्चिम बंगाल में टीएमसी बनाम  बीजेपी के हाई वोल्टेज मुकाबले के बीच शुक्रवार को राघव चड्ढा की प्रेस कॉन्फ्रेंस से भूचाल आ गया. बीजेपी के 'ऑपरेशन' की भनक किसी को नहीं लग पाई. दिल्ली गंवाने के बाद पंजाब बचाने और गुजरात में विस्तार के लिए मेहनत कर रहे अरविंद केजरीवाल को ताजा घटनाक्रम ने तगड़ी चोट दी है, तो दूसरी तरफ पंजाब में बेहद कमजोर बीजेपी को न सिर्फ 6 राज्यसभा सांसद मिल गए, बल्कि पार्टी ने  उच्च सदन में अपने संख्या बल को बढ़ा लिया है.

    बीजेपी और आप के लाभ - हानि के बीच इस पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस को खुश होने का मौका दे दिया है. बीजेपी के इस ऑपरेशन में आप खतरा नहीं भांप पाई. आप ने राघव चड्ढा की जगह  अशोक मित्तल को राज्यसभा में नेता बनाया लेकिन वह भी राघव चड्ढा के साथ चल दिए.

    पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बोले-- यह तो होना ही था 
    अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने दिल्ली को कांग्रेस से छीना था. आप से फिर दिल्ली, बीजेपी ने ले लिया लेकिन कांग्रेस नहीं उभर पाई. पंजाब में आप  ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया. गुजरात में आप ने कांग्रेस के ही वोटबैंक में सेंध लगाई और फिर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त कर लिया. कांग्रेस की हैसियत राज्य में विपक्षी दल की भी नहीं बची. पहली बार उसे नेता विपक्ष पद भी गंवाना पड़ा.

    गुजरात में अभी तक केजरीवाल यह कहते आए हैं कि कांग्रेस को वोट देना बेकार है. उसके विधायक बीजेपी में चले जाएंगे. दोनों में पति-पत्नी का रिश्ता है. 6 राज्यसभा सांसदों की बगावत और एक साथ उनके भाजपा में जाने से अरविंद केजरीवाल शायद ही अब यह बोलकर निशाना साध पाएंगे. आप की बगावत पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह तो होना था, जिस तरह से लोगों का चयन करके उन्हें राज्यसभा भेजा गया था, उसमें ऐसा ही होना था.

    बीजेपी का ऑपरेशन, कांग्रेस के लिए 'गिफ्ट'

    बीजेपी के इस ऑपरेशन  ने तमाम दलों को सहमा दिया है. खासकर ऐसी विपक्षी पार्टियां जिनके सदस्यों की संख्या काफी कम है, लेकिन बीजेपी के इस ऑपरेशन में कांग्रेस के लिए खुश होने की कई वजहें हैं. अगर आप  पंजाब में कमजोर पड़ती है तो पार्टी वापसी की उम्मीद लगा सकती है. लेकिन पंजाब में  आप के अंदर भी काफी गुटबाजी है.

    गुजरात में उसे दोहरी मार पड़ रही है एक तरफ से उसे बीजेपी से लड़ना है तो दूसरी तरफ आप से बचना भी है. यही स्थिति दिल्ली में भी है. दोनों दलों ने हाथ मिलाया भी  था, लेकिन कांग्रेस उठ नहीं पाई. इसी वजह से दिल्ली विधानसभा चुनाव दोनों पार्टियों ने अलग- अलग लड़े.

    आप को लगा बड़ा झटका 

    ऐसे में जब पंजाब में अगले वर्ष गुजरात से पहले चुनाव होने हैं तब  बीजेपी ने आपको ऐसा झटका दे दिया. जिसने पार्टी को बैकफुट पर ला दिया है. 'घायल हूं इसलिए घातक हूं' का डायलॉग मारने वाले राघव चड्ढा ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को फिलहाल सोचने पर विवश कर दिया है. राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक के जाने को बड़ी क्षति के तौर पर देखा जा रहा है. वह आप में  इस हैसियत में रह चुके हैं जो अभी बीजेपी में बीएल संतोष और कांग्रेस में केसी वेणुगोपाल की है.