• राजिम से फिंगेश्वर होते महासमुंद तक सरपट 10 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी

    राजिम- फिंगेश्वर- महासमुंद मार्ग के चौड़ीकरण से गरियाबंद और महासमुंद जिले के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। राजिम से 4 किमी तक फोरलेन और आगे करीब  32 किमी तक 10 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण के लिए पीडब्लूडी ने 153.81 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।

    रायपुर/गरियाबंद/महासमुंद, 10 मार्च 2026।गरियाबंद जिले के राजिम से फिंगेश्वर होकर महासमुंद जिला मुख्यालय तक करीब 36 किमी तक 10 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी। राजिम- फिंगेश्वर- महासमुंद मार्ग के चौड़ीकरण से गरियाबंद और महासमुंद जिले के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। अभी  फिंगेश्वर तक सिंगल सड़क और मार्ग में पड़ने वाले छोटे पुलों के कारण राजिम से महासमुंद जाने में काफी समय लगता है। लोक निर्माण विभाग ने सोमवार को राजिम - फिंगेश्वर -महासमुंद मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए करीब 153.81 करोड़ रुपए के स्वीकृति जारी की है।

    पीडब्ल्यूडी के अपर सचिव द्वारा 9 मार्च को जारी स्वीकृति आदेश के मुताबिक राजिम से 4 किमी तक फोरलेन तथा आगे करीब 32 किमी तक सरपट 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क निधि(CRIF) से 146.86 करोड़ की स्वीकृति पूर्व में मिली हुई है। राज्य शासन ने राजिम -गरियाबंद मार्ग के उन्नयन के लिए दो स्वीकृति आदेश जारी किया है। 139.48 करोड़ की लागत से करीब 36 किमी सड़क का चौड़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। मार्ग में पुल- पुलिया भी बनाया जाएगा।

    वहीं मौजूद सड़क सकरी है अतः सड़क के चौड़ीकरण के लिए निजी जमीन के अधिग्रहण की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए सरकार ने करीब 14.33 करोड़ रूपए की पृथक से स्वीकृति जारी की है। स्वीकृति आदेश के साथ सख्त हिदायत दी गई है कि चौड़ीकरण के लिए मार्ग में पड़ने वाली निजी जमीनों का गहन परीक्षण कर राजस्व विभाग से विधिवत भूअर्जन की कार्रवाई कराई जाये। यह भी कहा गया है कि भूअर्जन की पूरी कार्यवाही स्वीकृत राशि की सीमा पर ही की जाए और उससे अधिक व्यय न की जाए। राज्य में सड़क समेत कई परियोजनाओं में भूअर्जन को लेकर भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं। इसीलिए पीडब्लूडी अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

    बहरहाल राजिम क्षेत्र में नई सड़क की स्वीकृति से क्षेत्रवासी इसका स्वागत कर रहे हैं। हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल 'आज की आवाज' से चर्चा में सामाजिक कार्यकर्ता रूपसिंह साहू ने बताया कि सरकार द्वारा 153 करोड़ की स्वीकृति निश्चित ही क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र की जनता को काफी सुविधा मिलेगी और राजिम से महासमुंद का सवा घंटे का सफर अब आधा घंटे में तय हो जाएगा। राजिम से फिंगेश्वर तक की सड़क काफी पुरानी हो गई थी। इस सौगात के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

    पढ़ें स्वीकृति आदेश..