हैदराबाद में सनातनी बंधुओं का आत्मीय सम्मेलन में दिखा सांस्कृतिक विविधता की झलक
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट :-
हैदराबाद, 30 मार्च 2026. यहां के शिवाजी नगर, गोलीगुडा में भाग्यनगर रोहित संघ द्वारा प्रायोजित सनातनी सम्मेलन सह सांस्कृतिक विविधता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. संघ के अध्यक्ष आचार्य गोविंद राजू कुंभारे एवं कार्यक्रम सभा अध्यक्ष बृजेश कुमार की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तेलंगाना प्रदेश के संस्कृति अध्यक्ष वेदमूर्ति नरेंद्र कापरे (गुरुजी) समेत मुख्य वक्ता आयुष नडीमपल्ली, स्वयंसेवक संघ के दक्षिण भारत मुख्य प्रचारक (महिला) नांदावती भोंसले, परेश रावल और विंध्याचल ब्राह्मण सेवा संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय, उपाध्यक्ष राम शिरोमणि तिवारी, नगर पार्षद बेगम बाजार जी. शंकर यादव ने भी सभा को संबोधित किया.
इस मौके पर अवधेश द्विवेदी, रामपाल पाण्डेय, शिव नारायण त्रिपाठी, गोपाल महाराज, जगदीश शर्मा एवं भंवरलाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विश्व कल्याण हेतु स्वस्ति वाचन एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया. जबकि देश के विभिन्न हिस्सों से आए हुए कलाकारों द्वारा विभिन्न भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के जयघोष, जय भवानी के साथ ही कुचिपुड़ी, बतकम्मा, छठ पर्व छठ उत्सव, सीताराम विवाहोत्सव, भगवान जगन्नाथ पुरी की झांकी, ब्रज की राधा कृष्ण नृत्य झांकी, शिव तांडव नटराज झांकी आदि कार्यक्रम को दर्शकों ने खूब सराहा.
दरअसल, यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया. सभी वक्ताओं ने इस दौरान सनातनियों से भारतीय व्यवस्था, खान- पान, वेशभूषा एवं सनातनी पूजा पद्धति अपने पर बल दिया. आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.