Nitish Kumar Resignation: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस्तीफा स्वीकार, विधान परिषद् ने जारी की अधिसूचना
Bihar New CM: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद् की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. अब बिहार में नए CM की चर्चा जोर पकड़ चुकी है. बता दें कि नीतीश कुमार ने सिर्फ विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया है, मुख्यमंत्री के पद से अभी इस्तीफा नहीं दिया है.
पटना, 30 मार्च 2026। नीतीश के इस्तीफे पर बिहार विधान परिषद सचिवालय ने अधिसूचना जारी की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का MLC पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. बिहार विधान परिषद सचिवालय ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है. नीतीश कुमार ने आज सुबह अपना इस्तीफा विधान परिषद के सभापति के पास भेज दिया था। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि नीतीश कुमार ने सिर्फ विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया है मुख्यमंत्री के पद से अभी इस्तीफा नहीं दिया है।
नीतीश कुमार के जाने से बिहार दुखी- अवधेश नारायण
बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष नीतीश कुमार के बारे में अवधेश नारायण सिंह कहते हैं, "मैंने आज सुबह मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की. उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है. यह सीट रिक्त घोषित कर दी जाएगी. उनके जाने से बिहार दुखी है. आज बिहार को विकसित राज्यों में गिना जाता है. उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है."
सीएम 6 महीने रहा जा सकता है- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार बोले - BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका इस्तीफा मुझे सौंपा. CM नीतीश ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया है. उनका इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया गया है. दोनों की कमी सदन में खलेगी. संविधान में प्रावधान है कि बिना किसी सदन का सदस्य रहते हुए भी सीएम 6 महीने रहा जा सकता है।
नीतीश के इस्तीफे पर भावुक हुए अशोक चौधरी
बिहार सरकार के मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव अशोक चौधरी उस समय भावुक हो गए जब वे नीतीश कुमार के बारे में बोल रहे थे, जिन्होंने राज्यसभा जाने के लिए बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के पदचिन्हों पर चलना, उनकी तरह काम करना और अपने सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी का भी सम्मान करना बहुत बड़ी बात है. मुझे नहीं लगता कि नई पीढ़ी में ऐसे राजनीतिक सोच वाले लोग हैं. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा कोई नहीं हो सकता. न कभी नीतीश कुमार जैसा कोई पैदा हुआ था और न ही कभी नीतीश कुमार जैसा कोई पैदा होगा.
नीतीश कुमार के इस्तीफे पर तेजस्वी का बयान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार विधान परिषद (MLC) से इस्तीफा देकर राज्यसभा जाने पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा- हम शुरू से ही कहते आ रहे थे कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बने रहेंगे. इसे महाराष्ट्र जैसी स्थिति बनाकर पेश किया गया और उन्हें थोड़े समय के लिए मुख्यमंत्री बने रहने दिया गया. अब उन्हें बीजेपी के लोगों द्वारा हटाया जा रहा है. बीजेपी ने नीतीश कुमार और बिहार की जनता दोनों को धोखा दिया है. बीजेपी की बातों और उसके कामों में बहुत बड़ा फर्क है. निशांत कुमार को लेकर उन्होंने कहा उनकी क्षमता बताएगी कि वे पार्टी को संभाल पाने में सक्षम हैं या नहीं. लेकिन अगर कोई युवा राजनीति में आता है तो हम उसका स्वागत करते हैं.