• दिल्ली में घर के भीतर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या, बीते 24 घंटे में पांच की मौत से दहली राजधानी

    दिल्ली के गोविंदपुरी में बदमाशों ने एक घर में घुसकर मां और बेटे को तेजधार हथियार से हत्या कर दी. गुरुवार को दोनों के  लहूलुहान शव घर से बरामद हुए हैं. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-

    दिल्ली, 22 मई 2026. राजधानी दिल्ली अपराध के वारदातों से दहल उठी है. बीते 24 घंटे में दिल्ली में पांच लोगों की मौत की घटनाएं सामने आई है. अब दिल्ली के गोविंदपुरी में एक घर के अंदर मां - बेटे की हत्या हो गई है. इस खबर के बाहर आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. आशंका है कि बदमाशों ने घर के अंदर घुसकर 38 वर्षीय शारदा और उनके 13 वर्षीय मासूम बेटे का कत्ल कर दिया गया. दोनों के ऊपर घर के अंदर घुसकर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया.

    कैश और सोने - चांदी के जेवर गायब 

    जानकारी के मुताबिक, परिवार के मुखिया बीती रात जब अपनी दुकान से घर लौटा तो उसने किचन में अपनी पत्नी और बेटे को खून से लथपथ देखा. उसने इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी. पुलिस ने कई टीमें बनाकर हत्याकांड की तहकीकात शुरू कर दी है. परिजनों के मुताबिक, घर से हत्यारे 10 से 12 लाख रुपए कैश  और सोने - चांदी के जेवर भी ले गए. मिली जानकारी के मुताबिक, यह परिवार दक्षिणी- पूर्वी जिले के गोविंदपुरी इलाके की गली नंबर 10 में रहता है.

    मृतक महिला का पति  सब्जी व्यापारी है और वह साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गया हुआ था. यह परिवार मूल रूप से यूपी के बदायूं के रहने वाला है और पिछले 15 साल से दिल्ली की गोविंदपुरी इलाके में रह रहे थे.

    रोहिणी और इंद्रपुरी में भी वारदात 

    हत्या की दूसरी वारदात रोहिणी इलाके से सामने आई है. जहां पुरानी रंजिश में दो नाबालिगों की हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि दोनों मासूम बच्चे एक परिवार से बदला लेने पहुंचे थे लेकिन वहां हालात ऐसे बने कि दूसरे पक्ष के ही एक नाबालिग ने दोनों की हत्या कर दी. वहीं, दिल्ली में तीसरी बड़ी वारदात इंद्रपुरी में हुई जहां एक महिला की छत से गिरकर  संदिग्ध मौत हो गई . बाद में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया. परिवार का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी को ससुराल वालों ने मार डाला.