बिलासपुर में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत; युवक- युवती ने तीसरी मंजिल से एक साथ लगाई छलांग
बिलासपुर में 3 साल के प्रेम का दर्दनाक अंत हो गया। युवक और युवती ने तिफरा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि..
बिलासपुर, 22 अप्रैल 2026। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अभिलाषा परिसर स्थित EWS कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक तीन मंजिला इमारत की छत से प्रेमी जोड़े ने छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सिम्स (CIMS) अस्पताल में जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे (23 वर्ष) निवासी यदुनंदन नगर तिफरा के रूप में हुई है। वह बिहार का मूल निवासी बताया जा रहा है। उनके परिजन टाटानगर में रहते हैं। वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करने के साथ-साथ जोमेटो में डिलीवरी बॉय का कार्य भी करता था। वहीं, घायल युवती गरिमा सिंह (22 वर्ष) सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक की रहने वाली है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले 3 साल से प्रेम संबंध था। मंगलवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दोनों अभिलाषा परिसर पहुंचे थे और भोर में करीब 4 बजे उन्होंने छत से छलांग लगा दी। गिरने की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग बाहर निकले, तो दोनों लहूलुहान हालत में मिले।