पोते से मिलने डौंडी लोहारा से रायपुर जा रही महिला को ट्रेलर ने चपेट में लिया
भिलाई, 10 मई 2026। भिलाई में ट्रेलर की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालोद जिले के डौंडी लोहारा ब्लॉक के सोरली गांव की हेमिन बाई पटेल (60 साल) हादसे की शिकार हो गईं। वह अपने देवर के साथ एक्टिवा में गांव से रायपुर जा रही थी। उनके बेटा-बहू रायपुर में रहते हैं। 3 दिन पहले ही पोते का जन्म हुआ था। अपने पोते से ही मिलने रायपुर जा रही थी। नए बच्चे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। हादसे के बाद वह गम में बदल गया।
भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डौंडी लोहारा से हेमिन बाई अपने देवर के साथ एक्टिवा सीजी 04 एमजेड 7689 में रायपुर जा रही थी। शनिवार को शाम के समय नेहरू नगर गार्डन के सामने नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ़्तार ट्रेलर ने एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। महिला सड़क पर गिर गई और ट्रेलर का पीछे चक्का महिला के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद ट्रेलर तेजी से भाग निकला। लोगों की वहां भीड़ लग गई। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना में महिला के देवर प्रहलाद पटेल घायल हो गए। वे ही एक्टिवा चला रहे थे। घायल प्रहलाद पटेल नहीं पुलिस को सारी जानकारी दी। वहीं सुपेला पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार ट्रेलर ड्राइवर की पहचान की जारी है।