GT vs SRH : गुजरात टाइटंस की एकतरफा जीत, सनराइजर्स हैदराबाद के उड़े परखच्चे
GT vs SRH: गुजरात टाइटंस ने मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद पर एकतरफा जीत दर्ज की। जीटी आईपीएल 2026 की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
अहमदाबाद, 13 मई 2026। गुजरात टाइटंस (जीटी) ने मंगलवार को आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के परखच्चे उड़ा दिए। जीटी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एसआरएच को 82 रनों से रौंदा। 169 रनों का टारगेट मिलने के बाद एसआरएच 14.5 ओवर में 86 रनों पर सिमट गई। यह हैदराबाद का आईपीएल में लोएस्ट स्कोर है और उसे रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार मिली। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने तीन-तीन विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और मोहम्मज सिराज ने एक विकेट अपने नाम किया। जीटी ने सीजन में लगातार पांचवीं जीत हासिल की है। शुभमन गिल की अुगवाई वाली गुजरात टीम अंक तालिका में दो पायदान चढ़कर शीर्ष पर पहुंच गई है। उसने 12 मैचों में से आठ जीते हैं। हैदराबाद को 12 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है और तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने खराब आगाज किया। एसआरएच ने छह विकेट 56 रन पर ही खो दिए थे। मोहम्मद सिराज ने पहले ओवर में ट्रैविस हेड (0) और कगिसो रबाडा ने दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा (4 गेंदों में 6) को पवेलियन भेजा। रबाडा ने चौथे ओवर में ईशान किशन (7 गेंदों में 11) और छठे ओवर में स्मरण रविचंद्रन (15 गेंदों में 9) को आउट कर एसआरएच की कमर तोड़ दी। एसआरएच का पावरप्ले में स्कोर 34/4 था। सलिल अरोड़ा (13 गेंदों में 16) को प्रसिद्ध कृष्णा ने 10वें ओवर में आउट किया। जेसन होल्डर ने अगले ओवर में हेनरिक क्लाासेन (16 गेंदों में 14) और नीतीश कुमार रेड्डी (4 गेंदों में 2) को पवेलियन भेजकर एसआरएच की रही-सही उम्मीदों को समाप्त कर दिया होल्डर ने 13वें ओवर में शिवांग कुमार (6 गेंदों में 4) का शिकार किया। प्रफुल्ल हिंगे (3) एसआरएच की ओर से आउट होने वाले आखिरी प्लेयर रहे।
इससे पहले, टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी गुजरात टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन जुटाए। साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर ने फिफ्टी ठोकी। जीटी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान शुभमन गिल 7 गेंदों में 5 रन ही बना सके। उन्हें प्रफुल्ल हिंगे ने तीसरे ओवर में पवेलियन भेजा। हिंगे ने छठे ओवर में जोस बटलर (11 गेंदों में 7) का शिकार किया। पावरप्ले में जीटी का स्कोर 34/2 था। ओपनर साई सुदर्शन ने निशांत सिंधू के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी की।
सिंधू 14 गेंदों में 11 रन बनाने के बाद दसवें ओवर में पैट कमिंस का शिकार बने। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। सुदर्शन ने 44 गेदों में 61 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और दो छक्के हैं। उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। सुदर्शन को साकिब हुसैन ने 17वें ओवर में अपने जाल में फंसाया। सुंदर ने 33 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बटोरे। उन्हें 20वें ओवर में साकिब ने आउट किया। जेसन होल्डर 11 और राहुल तेवतिया 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
GT Score: 168/5 (20 ओवर)
SRH Score: 86/10 (14.5 ओवर)
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग XI: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नीतीश कुमार रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे