• अमित शाह लेंगे बस्तर में बैठक, चार राज्यों के CM होंगे शामिल

    बस्तर में आयोजित इस बैठक की तैयारी के संबंध में सीएम साय ने शुक्रवार को मंत्रालय में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक की।

    रायपुर, 15 मई 2026। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसके तैयारी के संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मंत्रालय, महानदी भवन में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बता दें कि मध्य क्षेत्रीय परिषद के केंद्रीय गृह मंत्री अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपाध्यक्ष हैं। परिषद की 26वीं बैठक 19 मई को होगी।

    बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं गंभीरता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परिषद देश की ऐसी क्षेत्रीय परिषद है जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो आपसी सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें राज्यों तथा केंद्र और राज्यों के बीच विभिन्न विषयों पर संवाद, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है तथा अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंद्रावती की गोद से बस्तर विकास की नई गाथा लिखेगा और मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बस्तर पहुंचेंगे।