अरुण देव गौतम छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश
Arun Dev Gautam DGP Chhattisgarh: 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक डीजीपी बनाए गए हैं।
रायपुर, 16 मई 2026। आखिरकार छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रभारी डीजीपी अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। गृह विभाग द्वारा 16 मई 2026 को जारी आदेश के मुताबिक अरुण देव गौतम को बैक डेट यानी 5 फरवरी 2025 से पुलिस बल प्रमुख बनाया गया है। बताया जा रहा है कि 19 मई को सुप्रीम कोर्ट में नियमित डीजीपी की नियुक्ति को लेकर सुनवाई है। इसी कारण आनन-फानन में सरकार ने आज नियमित डीजीपी की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
गौरतलब है कि 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौतम को 5 फरवरी 2026 को राज्य का प्रभारी डीजीपी बनाया गया था। यूपीएससी ने डीजीपी बनने की अहर्ता रखने वाले अधिकारियों की सूची या पैनल राज्य को मई 2025 को भेज दिया था। पैनल में 1992 बैच के आईपीएस अरुण देव गौतम और 1995 बैच के हिमांशु गुप्ता का नाम था। तब से नियमित डीजीपी की नियुक्ति लंबित थी। केंद्र से पैनल आने के करीब एक वर्ष बाद अरुण देव गौतम को राज्य का नियमित पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके पहले अशोक जुनेजा को 11 नवंबर 2021 को राज्य के प्रभारी डीजीपी बनाया गया था और 5 अगस्त 2022 को जारी दिनांक से आगामी 2 वर्ष के लिए नियमित डीजीपी बनाया गया था। वह जून 2023 को रिटायर हो रहे थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार 2 वर्ष के पदीय दायित्व की बाध्यता के चलते जुनेजा बाद में सेवानिवृत हुए। इधर अरुणदेव गौतम को पीछे जाकर यानी 5 फरवरी 2025 की तिथि से नियमित डीजीपी नियुक्त किया गया है। बहरहाल अरुणदेव गौतम अपने तेज-तर्रार कार्यशैली, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अनुभव और उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड के लिए जाने जाते हैं। राज्य पुलिस के मुखिया के रूप में उनकी अगुवाई में सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का नामोनिशान मिटा दिया।
लंबे अनुभव वाले अधिकारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अरुण देव गौतम वर्ष 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें पहले मध्यप्रदेश कैडर आवंटित हुआ था, लेकिन वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ के गठन के बाद उन्होंने नया कैडर चुना। राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर में एसपी रहे।