• पेट्रोल खत्म, ऑक्सीजन भी बंद! बीच रास्ते में रुकी एम्बुलेंस, मरीज की मौत

    ओड़िशा में ईंधन खत्म होने से एंबुलेंस बीच रास्ते रुक गई, मरीज की मौत का आरोप. ऑक्सीजन खत्म होने की भी शिकायत, परिजनों का हंगामा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ भुवनेश्वर से सिटी रिपोर्टर अभय बनर्जी की रिपोर्ट:-
    भुवनेश्वर, 16 मई 2026.ओड़िशा से एक बेहद गंभीर और चिंता जनक मामला सामने आया है, जहां एंबुलेंस सेवा की कथित लापरवाही के कारण एक मरीज प्रकाश कुमार तांडी (27) की मौत का आरोप लगा है. जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल खत्म होने के कारण इलाज के लिए ले जा रही एंबुलेंस बीच रास्ते में ही रुक गई. इस दौरान मरीज प्रकाश कुमार तांडी की हालत लगातार बिगड़ती रही और परिवार का आरोप है कि समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने और ऑक्सीजन खत्म होने की वजह से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्य प्रणाली पर  गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

    जहर खाने के बाद बिगड़ी थी युवक की तबीयत 
    बताया जा रहा है कि केंद्रपाड़ा इलाके के  27 वर्षीय युवक  प्रकाश कुमार तांडी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई . हालांकि, परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद इसे बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया.

    रास्ते में  काठजोड़ी पुल पर रुक गई एंबुलेंस 

    कटक से भुवनेश्वर ले जाते समय काठजोड़ी नदी पुल के पास अचानक एंबुलेंस रुक गई. परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस का पेट्रोल खत्म हो गया था, जिसके चलते वाहन काफी देर तक वहीं खड़ा रहा और मरीज को समय से अस्पताल नहीं पहुंचा जा सका.

    ऑक्सीजन खत्म होने का भी  आरोप 

    मरीज के परिजनों ने यह भी दावा किया है कि एंबुलेंस में मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर भी खत्म हो गया था. उनका कहना है कि अगर रास्ते में पर्याप्त व्यवस्था होती तो, मरीज की जान बचाई जा सकती थी.

    मदद के इंतजार में बिगड़ती रही हालत 

    परिवार के मुताबिक, एंबुलेंस के रुकने के बाद काफी देर तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किया गया. इस दौरान मरीज की हालत गंभीर होती गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया. इस घटना ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

    जांच की मांग, परिजनों में आक्रोश 

    घटना के बाद मृतक के परिजन भारी गुस्से में है और उन्होंने एंबुलेंस सेवा  प्रदाता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इस मामले की जांच की मांग उठ रही है, ताकि जिम्मेदारों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके.